Site icon Jan Bharat Samachar

श्री गणेश बप्पा का भव्य दिव्य शुभागमन आज , पुणे और पिंपरी-चिंचवड में उमंग की लहर

Spread the love

पुणे। आज बुधवार 27 अगस्त से दस दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत हो रही है। पूरे पुणे और पिंपरी-चिंचवड में श्री गणेश बप्पा के स्वागत की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंदिरों, घरों और मंडलों में बप्पा के आगमन के लिए सजावट, रोशनी और रंग-बिरंगी झांकियों का आकर्षक माहौल है।

पुणे शहर में हर साल की तरह इस बार भी करीब आधी आबादी के घरों में गणेश प्रतिमा विराजमान की जा रही है। इसके साथ ही सार्वजनिक मंडलों ने विभिन्न पौराणिक कथाओं और समसामयिक विषयों पर आधारित झांकियां तैयार की हैं, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

गणेशोत्सव के सुचारू आयोजन के लिए पुणे मनपा और पिंपरी-चिंचवड मनपा के साथ-साथ पुलिस प्रशासन ने भी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं और विसर्जन घाटों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

संपूर्ण शहर में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण है। ढोल-ताशों की गूंज, ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष और भक्तिमय माहौल के बीच गणेश भक्त अपने आराध्य का स्वागत करने को आतुर रहे हैं और उनकी यह आतुरता आज खत्म हो रही है।

इस बार के गणेश उत्सव में राजनीति की दखल अंदाजी भी देखने को मिल सकती है क्योंकि यह गणेश उत्सव महानगरपालिका और जिला परिषद चुनाव से ठीक पहले हो रहा है जिसके चलते गणेश उत्सव में राजनीतिज्ञों की विशेष पहल होनी निश्चित है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने अभिषेक कमर कस ली है। अब देखना यह है कि गणेश उत्सव में राजनीतिक दलों की सक्रियता किस प्रकार सामने आती है।

Exit mobile version