Site icon Jan Bharat Samachar

पुणे में बदलेगा मौसम मिजाज  

Spread the love

पुणे : शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार महसूस हो रही कड़ाके की ठंड से अब कुछ राहत मिलने के संकेत हैं। लेकिन मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 21 से 24 नवंबर के बीच पुणे सहित मध्य व दक्षिण महाराष्ट्र में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस अवधि में आकाश बादल छाए रहेगा, रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी और कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पिछले कुछ दिनों से उत्तरी भागों से आने वाली ठंडी हवाओं, साफ आकाश और शुष्क वातावरण के कारण पुणे सहित मध्य महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही थी। रात व तड़के पड़ने वाली तेज ठंड के चलते कई इलाकों में लोगों ने शेकोटियों का सहारा भी लिया। लेकिन अब मौसम की यह स्थिति अस्थायी रूप से बदलने जा रही है।

ज्येष्ठ मौसम विशेषज्ञ अनुपम कश्यपी ने जानकारी  देते हुए बताया कि तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी। 21 से 24 नवंबर के बीच सांगली, कोल्हापुर, सोलापुर, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी जैसे जिलों में हल्की बारिश की आशंका है। बाद  बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे कम दबाव के क्षेत्र की तीव्रता बढ़ने और उसकी दिशा बदलने के चलते महाराष्ट्र के मौसम पर प्रभाव पड़ेगा। इसके कारण कुछ दिनों के लिए उत्तरी हवाओं का प्रवाह बाधित हो सकता है और ठंड का असर कम होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक लोगों को सुबह-शाम की ठंड में कमी और हल्की बदली का अनुभव हो सकता है। किसानों और यात्रियों के लिए यह पूर्वानुमान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Exit mobile version