Jan Bharat Samachar

पंचतत्व में विलीन अजित दादा पवार

Spread the love

बारामती. महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार आज पंचतत्व में विलीन हो गए। बारामती स्थित पैतृक भूमि पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनके बेटे पार्थ पवार ने पिता को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर हर आंख नम हो गई। बारामती ने बहुत ही भारी मन से ‘दादा’ को अंतिम विदाई दी

 

दादा के अंतिम दर्शन और संस्कार देखने के लिए बारामती में जनसैलाब उमड़ पड़ा। ‘दादा अमर रहें’ और ‘अजित पवार जिंदाबाद’ के नारों के बीच जब उनकी अंतिम यात्रा निकली, तो पूरा शहर शोक में डूबा नजर आया। समर्थकों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने नम आंखों से अपने लोकप्रिय नेता को विदाई दी।अंतिम संस्कार में गृहमंत्री अमित शाह , मुख्यमंत्री फडणवीस , एकनाथ शिंदे, नितिन गडकरी, राज ठाकरे, नितिन नवीन और प्रमोद सावंत सहित कई नेताओं, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न दलों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद थे । सेना और पुलिस की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने लंबे राजनीतिक जीवन में अजित पवार ने निर्णायक नेतृत्व, स्पष्ट सोच और विकासोन्मुख राजनीति से अलग पहचान बनाई। सिंचाई, बुनियादी ढांचा, कृषि और शहरी विकास में उनके योगदान को महाराष्ट्र हमेशा याद रखेगा। आज जब ‘दादा’ पंचतत्व में विलीन हुए, तब केवल एक नेता नहीं बल्कि एक युग का अंत हो गया। बारामती ही नहीं, बल्कि पूरा महाराष्ट्र शोक में डूबा हुआ है।

Exit mobile version