Site icon Jan Bharat Samachar

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘हर घर शिक्षा, घर-घर शिक्षा’ अभियान

Spread the love

पुणे : शिक्षा सशक्तिकरण और शांति निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सीमावर्ती क्षेत्रों में “हर घर शिक्षा, घर-घर शिक्षा” अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत शैक्षणिक और चिकित्सा स्तर पर कई महत्वपूर्ण उपक्रम किए जाएंगे, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। यह जानकारी हम पुणेकर संस्था के अध्यक्ष हेमंत जाधव ने पत्रकार परिषद में दी। इस अवसर पर हेन्कल इंडिया लिमिटेड के डॉ. प्रसाद खंडागळे, नर्चर वर्क्स संस्था की संस्थापक विहा भट्टड, सह-संस्थापक आर्या शहा, अनैशा गोल्छा, कॉसमॉस (जनक शाह) के डायरेक्टर मेहुल शहा, हम पुणेकर के विश्वस्त विपुल कांबळे, अखिल झांजले सहित अन्य मान्यवर उपस्थित थे।

हेमंत जाधव ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सीमावर्ती तथा संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक और डिजिटल अंतर को कम करने के लिए यह शैक्षणिक सशक्तिकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान का शुभारंभ जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा तथा लेह-लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता की उपस्थिति में किया जाएगा। इस अभियान को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की काफिला फाउंडेशन, जनरल जोरावर सिंह एजुकेशन ट्रस्ट, सपोर्ट ट्रस्ट, माउंटन वैली, कॉसमॉस (जनक शाह) तथा हेन्कल इंडिया लिमिटेड का विशेष सहयोग मिल रहा है।

विहा भट्टड ने बताया कि सीमावर्ती गांवों के विद्यार्थियों को व्यापक शैक्षणिक सहायता किट प्रदान की जाएगी। इसमें स्कूल बैग, स्टेशनरी, गणवेश, नोटबुक और डिजिटल शिक्षण सामग्री शामिल होगी। इस अभियान के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचकर “हर घर शिक्षा” सुनिश्चित करना और उन्हें शैक्षणिक संसाधनों, डिजिटल साधनों तथा सृजनात्मक शिक्षा के अवसरों से सक्षम बनाना मुख्य उद्देश्य है। इसके अंतर्गत 15 हजार शैक्षणिक किट, 5 हजार प्रथमोपचार पेटियां और 500 डिजिटल टैबलेट / आईपैड वितरित किए जाएंगे।

Exit mobile version