Jan Bharat Samachar

पुणे मनपा की अतिक्रमण कार्रवाई केवल दिखावा _अध्यक्ष संदीप खर्डेकर

Spread the love

पुणे: शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर की जा रही कार्रवाई केवल दिखावा है, मनपा के इस कार्रवाई पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। इस सम्बन्ध में क्रिएटिव फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने आयुक्त नवलकिशोर राम को पत्र लिखकर मनपा की कार्रवाई को “बोलाची कढी आणि बोलाचा भात” यानी सिर्फ औपचारिकता बताया है।
खर्डेकर ने कहा कि उनकी शिकायत के आधार पर नदीपात्र, कर्वेनगर और ताथवडे उद्यान क्षेत्र में फ्रंट और साइड मार्जिन में बने शेड्स पर कार्रवाई की गई। लेकिन यह कार्रवाई स्थायी न होकर महज दिखावटी साबित हो रही है।


उन्होंने बताया कि कार्रवाई के अगले ही दिन स्थिति पहले जैसी हो गई। सवाल उठता है कि हटाए गए अतिक्रमण का सामान संबंधित लोगों को इतनी जल्दी वापस कैसे मिल जाता है? इस पर मनपा की क्या नीति है और कानूनी रूप से क्या कार्रवाई प्रस्तावित है, इसकी स्पष्ट जानकारी मांगी गई है।
साथ ही उन्होंने यह भी मुद्दा उठाया कि साइड और फ्रंट मार्जिन में बने टीन शेड्स हटाए जाने के बावजूद वहां व्यवसाय लगातार जारी है। क्या इस तरह का व्यापार कानूनन वैध है, इस पर भी स्पष्टीकरण की मांग की गई है।
खर्डेकर ने कहा कि जब तक अतिक्रमण के खिलाफ सख्त और स्थायी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक शहर का समुचित विकास संभव नहीं है। उन्होंने मनपा से इस मुद्दे पर कड़ी कार्रवाई करने की पुनः मांग की है।

Exit mobile version