Site icon Jan Bharat Samachar

750 नृत्यांगनाओं की ‘वंदे मातरम्’ को अनोखी श्रद्धांजलि

Spread the love

पुणे : देशभक्ति के प्रतीक गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पुणे के कोथरुड में एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन होने जा रहा है। इस अवसर पर 750 से अधिक शास्त्रीय नृत्यांगनाएं एक साथ मंच पर प्रस्तुति देकर ‘वंदे मातरम्’ को अनोखी मानवंदना देंगी।यह भव्य शास्त्रीय नृत्य महोत्सव 28 और 29 मार्च को कोथरुड स्थित शुभारंभ लॉन्स में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन महाराष्ट्र राज्य के सांस्कृतिक कार्य विभाग, युवा सुराज्य प्रतिष्ठान और शास्त्रीय नृत्य संवर्धन संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रसिद्ध नृत्यांगना रोहिणी भाटे की स्मृति में आयोजित होने वाला यह महोत्सव इस वर्ष अपने चौथे संस्करण में प्रवेश कर रहा है। इस बार विशेष आकर्षण यह है कि ख्यातनाम गुरु शमा भाटे, मनीषा साठे और सुचेता चापेकर के मार्गदर्शन में सैकड़ों नृत्यांगनाएं एक साथ प्रस्तुति देंगी। इस आयोजन की संकल्पना उच्च एवं तंत्रशिक्षण मंत्री चंद्रकांत पाटील की है, जबकि संयोजन नगरसेवक पुनीत जोशी और अजय धोंगडे द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशिष शेलार, केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

इससे पहले आयोजित तीन संस्करणों में रमा वैद्यनाथन, वस्वती मिश्रा और प्रीति पटेल जैसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया था। आयोजकों ने बताया कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को समर्पित यह महोत्सव कला और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम होगा। उन्होंने अधिक से अधिक पुणेकरों से इस सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होकर इसका आनंद लेने की अपील की है।

Exit mobile version