Site icon Jan Bharat Samachar

गर्मी का प्रकोप तेज, महाराष्ट्र के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़

Spread the love

पुणे :  महाराष्ट्र में गर्मी ने अचानक तीखा रूप ले लिया है। राज्य के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को दोपहर के समय झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार विदर्भ, मराठवाड़ा और पश्चिम महाराष्ट्र के कई जिलों में अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। सबसे ज्यादा तापमान मालेगांव में 40.0°C दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का उच्चतम स्तर माना जा रहा है। परभणी (39.4°C) और सोलापुर (39.2°C) भी तेज गर्मी की चपेट में हैं। सतारा, अहिल्यानगर, धाराशिव और सांगली में भी तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे गर्म हवाओं का असर साफ महसूस किया जा रहा है। पुणे में अधिकतम तापमान 36.6°C दर्ज किया गया, जबकि बारामती में 36.1°C रहा। नाशिक और माथेरान में भी तापमान 35°C के आसपास बना हुआ है।

वहीं कोंकण क्षेत्र में तापमान अपेक्षाकृत कम है, लेकिन ज्यादा नमी के कारण उमस लोगों को परेशान कर रही है। रत्नागिरी में 33.0°C के साथ 62% आर्द्रता और कोलाबा में 33.4°C के साथ 70% आर्द्रता दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञ अनूप कश्यपी के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने नागरिकों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। राज्य में बारिश का अभाव और बढ़ती गर्म हवाएं आने वाले दिनों में स्थिति को और गंभीर बना सकती हैं, जिससे ‘हीट वेव’ जैसे हालात बनने की संभावना जताई जा रही है।

Exit mobile version