पुणे : शहर में गर्मी ने अप्रैल में हो विकराल रूप ले लिया है। रविवार को पुणे के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। तो कुछ इलाकों में तो पारा 43 डिग्री के करीब पहुंच गया, जिससे लोगों को अप्रैल में ही भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, शिवाजीनगर में 41.8°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि वडगांव शेरी और चिंचवड़ में 41.2°C रहा। हडपसर में 40.3°C, पाषाण में 40.1°C, बालेवाड़ी में 40.3°C और मगरपट्टा में 40.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, लोहेगांव में तापमान 42.7°C तक पहुंच गया और कोरेगांव पार्क में 42.9°C दर्ज किया गया।
यह गर्मी सिर्फ पुणे ही नहीं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। अकोला राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.9°C दर्ज किया गया। अमरावती में 46.8°C और वर्धा में 46.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। देश के पांच सबसे गर्म शहरों में महाराष्ट्र के तीन शहर शामिल रहे।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने विदर्भ के कुछ हिस्सों में सोमवार के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। अकोला, अमरावती और वर्धा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि भंडारा, चंद्रपुर और नागपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार के बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। पुणे में सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 40°C और न्यूनतम 22°C रहने का अनुमान है।पिछले कुछ दिनों से पुणे में दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ा है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। हालांकि पिछले सप्ताह कुछ इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, लेकिन मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण एक बार फिर तापमान में तेजी आई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में महाराष्ट्र में मौसम की स्थिति मिश्रित बनी हुई है। उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, उत्तर कर्नाटक से कन्याकुमारी तक फैली विंड डिसकॉन्टिन्यूटी और मध्य व पूर्वी भारत में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग मौसम देखने को मिल रहा है।

