पुणे : शहर में जंगली महाराज रोड स्थित छत्रपति संभाजी उद्यान के प्रवेश द्वार पर महिलाओं के लिए बनाई गई ‘पिंक बस’ स्वच्छतागृह योजना फिलहाल अधूरी सुविधाओं के कारण बंद पड़ी है। इस संबंध में क्रिएटिव्ह फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने पुणे मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम को पत्र लिखकर तत्काल पानी और ड्रेनेज कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की है। पत्र में मांग की गई है कि महिलाओं की सुविधा और पुणे की “संवेदनशील एवं सुसंस्कृत शहर” की पहचान बनाए रखने के लिए इन बसों को जल्द से जल्द आवश्यक सुविधाएं देकर शुरू किया जाए।
पत्र में कहा गया है कि जंगली महाराज रोड स्थित छत्रपति संभाजी उद्यान के प्रवेश द्वार पर महिलाओं के लिए बनाई गई विशेष ‘पिंक बस’ देखकर महिलाओं की सुविधाओं को लेकर प्रशासन की संवेदनशीलता का एहसास हुआ, लेकिन बाद में यह बस बंद अवस्था में मिली।
उन्होंने कहा कि शहर में महिलाओं के लिए पर्याप्त सार्वजनिक शौचालयों की कमी लंबे समय से गंभीर समस्या बनी हुई है। गणेशोत्सव, पालखी और दिवाली जैसे बड़े आयोजनों के दौरान महिला पुलिसकर्मियों और सामान्य महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह योजना महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती है। जानकारी के अनुसार, पुणे शहर में कुल 11 ‘पिंक बस’ स्वच्छतागृह “पे एंड यूज़” मॉडल पर शुरू किए जा रहे हैं। इन बसों के संचालन का काम Sara Plast Pvt. Ltd.को दिया गया है। संस्था इन बसों के रखरखाव पर लगभग 90 लाख रुपये खर्च करेगी और प्रति महिला 5 रुपये शुल्क लेकर सेवा उपलब्ध कराएगी।फिलहाल शनिवारवाड़ा परिसर में एक बस चालू है, जबकि छत्रपति संभाजी उद्यान और कात्रज उद्यान में खड़ी बसें पानी और ड्रेनेज कनेक्शन नहीं मिलने के कारण शुरू नहीं हो सकी हैं।

