Site icon Jan Bharat Samachar

मुळा-मुठा नदी बचाने युवाओं को आगे आना होगा : सतेज पाटील

Spread the love

पुणे : शहर की जीवनदायिनी मुळा-मुठा नदी आज प्रदूषण और गंदगी के कारण गंभीर स्थिति में पहुंच चुकी है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पानी, शुद्ध हवा और प्रदूषणमुक्त शहर देना है, तो नदी और पर्यावरण संरक्षण के लिए युवाओं को आगे आना होगा। पुणेकरों को जनसहभाग के माध्यम से मुळा-मुठा नदी को स्वच्छ और प्रवाहित बनाए रखने के लिए एकजुट होना चाहिए। यह बात पूर्व मंत्री एवं विधायक सतेज पाटील ने कही।

शहर में नदी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘व्हाईट टी-शर्ट रिव्होल्यूशन’ की ओर से आयोजित नदी सफाई अभियान के दौरान वे बोल रहे थे। भिडे पुल के पास मुठा नदी के पात्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में शहर के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में पुणेकर नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री यशोमती ठाकूर, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अभय छाजेड, प्रदेश प्रवक्ता गोपाल तिवारी, पूर्व महापौर प्रशांत जगताप, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव श्रीनिवास बी. वी., नगरसेविका अल्पना वर्षे, पूर्व युवक कांग्रेस अध्यक्ष कुणाल राऊत तथा ‘व्हाईट टी-शर्ट रिव्होल्यूशन’ के प्रमुख ऋत्विक धनवट सहित कई मान्यवर उपस्थित रहे।

यशोमती ठाकूर ने कहा कि केंद्र सरकार ‘नमामि गंगे’ जैसी योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन नदियों की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नदियों को स्वच्छ रखने के लिए जनसहभाग और विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। केवल चर्चा से नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष कार्रवाई से ही पर्यावरण संरक्षण संभव है। उन्होंने भावी पीढ़ी के बेहतर और स्वस्थ जीवन के लिए नदियों का पवित्र स्वरूप बनाए रखने का आह्वान किया।इस अभियान में ग्रीन पाथ रिव्होल्यूशन, टुनवाल मोटर्स, ग्रँट मेडिकल फाउंडेशन, रुबी हॉल क्लिनिक, आदर पूनावाला क्लीन सिटी इनिशिएटिव्ह, गुडनोट मीडिया और पुणे हवामान योद्धा जैसी संस्थाओं ने सहभाग लिया। साथ ही डॉ. डी. वाय. पाटील इंजीनियरिंग कॉलेज, सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स तथा एआयएसएसएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज के एनएसएस विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

‘व्हाईट टी-शर्ट रिव्होल्यूशन’ के प्रमुख ऋत्विक धनवट ने कहा कि नदी स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त परिसर और प्रदूषण नियंत्रण जैसे उपक्रम लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुठा नदी की स्वच्छता और संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और युवाओं का उत्स्फूर्त सहभाग अभियान को नई ऊर्जा दे रहा है।

 

Exit mobile version