Site icon Jan Bharat Samachar

पुणे जिला योजना समिति की बैठक में मंत्री चंद्रकांत पाटील की ऑनलाइन सहभागिता

Spread the love

पुणे, 15 मई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का समर्थन करते हुए महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत दादा पाटिल ने पुणे जिला योजना समिति की बैठक में कोथरुड स्थित अपने निवास से ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। यह बैठक उपमुख्यमंत्री एवं पालकमंत्री सुनेत्रा पवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

तकनीक के प्रभावी उपयोग, समय की बचत तथा अनावश्यक प्रशासनिक खर्च को कम करने के उद्देश्य से मंत्री पाटील ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल होकर मितव्ययिता का संदेश दिया। बैठक में उन्होंने जिले के विभिन्न विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

नसरापुर में हाल ही में घटी दुर्भाग्यपूर्ण घटना को गंभीरता से लेते हुए मंत्री पाटील ने दुर्गम क्षेत्रों की छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘सीएसआर’ निधि से विशेष बस सेवा शुरू करने का सुझाव दिया। साथ ही ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस विभाग को व्यापक प्रतिबंधात्मक उपाय करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड पर मौजूद अपराधियों तथा संदिग्ध विकृत मानसिकता वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने पर पुलिस प्रशासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। इसके अलावा जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवारें (कंपाउंड वॉल) बनाने की आवश्यकता पर भी उन्होंने जोर दिया।

महिला बचत समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक तहसील में अलग ‘बचत समूह मॉल’ स्थापित करने का सुझाव भी मंत्री पाटील ने दिया। साथ ही प्रत्येक गांव में सुसज्जित श्मशानभूमि विकसित करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि मंत्री चंद्रकांत पाटील की ऑनलाइन सहभागिता से सरकारी संसाधनों के उचित एवं मितव्ययी उपयोग का सकारात्मक संदेश समाज तक पहुंचा है।

Exit mobile version