Jan Bharat Samachar

विश्रांतवाडी में भव्य श्री राम कथा महोत्सव का शुभारंभ ….

Spread the love

विश्रांतवाडी क्षेत्र में आयोजित भव्य श्री राम कथा महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। प्रथम दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्री राम भक्त श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे संपूर्ण वातावरण राममय हो उठा।
सबसे पहले प्रातः श्री राम मंदिर, विश्रांतवाडी से भव्य श्री राम कथा कलश यात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए तिरुपति मंगल कार्यालय पहुँची। यात्रा में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर सहभागिता की। युवाओं एवं बच्चों ने भगवा ध्वज, भजन-कीर्तन एवं “जय श्रीराम” के उद्घोषों के साथ वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। संपूर्ण क्षेत्र श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास से गुंजायमान हो उठा।
“श्रीराम राम रघुनन्दन राम राम।
श्रीराम राम भरताग्रज राम राम॥
श्रीराम राम रणकर्कश राम राम।
श्रीराम राम शरणं भव राम राम॥”
कलश यात्रा के पश्चात कथा स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन एवं व्यासपीठ पूजन के साथ श्री राम कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कथा का रसपान श्रद्धालुओं को सुप्रसिद्ध कथावाचक पूज्य पंडित देवेंद्र शास्त्रीजी द्वारा कराया जा रहा है। अपने मधुर एवं ओजस्वी प्रवचनों से उन्होंने प्रथम दिवस में श्रद्धालुओं को भक्ति, संस्कार एवं सदाचार का संदेश दिया।
प्रथम दिवस की कथा में सद्गुरु महात्म्य, गुरु वंदना, श्री रामचरितमानस की महिमा, मानव जीवन का उद्देश्य, राम नाम की महिमा एवं भगवान श्रीराम के अवतार के कारण जैसे प्रेरणादायक प्रसंगों का अत्यंत सुंदर वर्णन किया गया। कथा के दौरान भजनों एवं राम नाम संकीर्तन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।


इस पावन आयोजन के मुख्य यजमान के रूप में श्री भरतराज सूरजभानजी गोयल एवं सौ. प्रीतम भरतराजजी गोयल उपस्थित रहे। उनके द्वारा विधिवत पूजन एवं आरती संपन्न की गई।
कथा उपरांत प्रथम दिवस के महाभंडारा सेवा यजमान श्री विनोद प्रीतमकुमार अग्रवाल परिवार की ओर से श्रद्धालुओं हेतु भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विश्रांतवाडी अगरवाल समाज के अनेक गणमान्य सदस्य, वरिष्ठजन, महिला मंडल, युवा वर्ग एवं सामाजिक कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की भव्यता एवं आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की।
अंत में महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ प्रथम दिवस का कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन समिति से राजेश प्रेमचंद अग्रवाल जी ने सभी श्रद्धालुओं से आगामी दिनों में भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम कथा श्रवण का लाभ लेने का आग्रह किया।

Exit mobile version