तलेगांव – विश्व तंबाखू निषेध दिवस के अवसर पर ऑन्को लाईफ कॅन्सर सेंटर ने तंबाखू सेवन के नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए “सिगरेट की अंतिम यात्रा” नाम से एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों, खासकर युवाओं, को तंबाकू छोड़कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
इस जागरूकता अभियान में डॉक्टरों, अस्पताल के कर्मचारियों, मरीजों के परिजनों, छात्रों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के छात्रों ने एक बड़ी प्रतीकात्मक सिगरेट को अर्थी की तरह सजाकर रैली निकाली। रैली में “RIP Smoking” और “Tobacco-Free India” जैसे संदेश लिखे हुए बैनर भी थे। इसके साथ एक नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें दिखाया गया कि कैसे धूम्रपान धीरे-धीरे फेफड़ों, गले, दिल और पूरे शरीर को नुकसान पहुंचाता है और लोगों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की तरफ ले जाता है।
तंबाकू का सेवन मुंह के कैंसर, गले के कैंसर, फेफड़ों के कैंसर, दिल की बीमारी, स्ट्रोक और सांस से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों का एक बड़ा कारण है। धूम्रपान करने या तंबाकू खाने से लगातार खांसी आना, मुंह में लंबे समय तक न भरने वाले छाले, मसूड़ों से खून आना, मुंह के अंदर सफेद या लाल धब्बे बनना, निगलने में परेशानी, आवाज बैठना, सीने में दर्द और बिना वजह वजन कम होना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। लेकिन कई लोग इन शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं और बीमारी बाद में गंभीर रूप ले लेती है।
लंबे समय तक तंबाकू का सेवन करने से सिर्फ तंबाकू लेने वाला व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके आसपास रहने वाले परिवार के लोग भी सेकेंड हैंड स्मोक से प्रभावित होते हैं। कैंसर के इलाज में सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी, जीवनशैली में बदलाव और लंबे समय तक इलाज की जरूरत पडती है। समय पर जांच और सही समय पर तंबाकू छोड़ने से बीमारी को काफी हद तक रोका जा सकता है।
ऑन्को लाईफ कॅन्सर सेंटर के मॅनेजिंग डायरेक्टर सचिन देशमुख ने कहा, “आजकल कई युवा शौक में धूम्रपान शुरू कर देते हैं, लेकिन उन्हें इसके भविष्य में होने वाले नुकसान का अंदाजा नहीं होता। तंबाकू धीरे-धीरे इंसान की सेहत, परिवार और जिंदगी को खत्म कर देता है। इसे ध्यान में रखते हुए यह अभियान शुरू किया था। युवाओं को तंबाखू सेवन के दुष्परिणाम के बारे में जागरूक करना इस अभियान का मुख्य उद्देश था। इस प्रतीकात्मक अंतिम यात्रा के जरिए हम लोगों को यह संदेश देना चाहते हैं कि तंबाकू आपके जीवन को खत्म करने से पहले उसे छोड़ दें। आज सिगरेट की अंतिम यात्रा है… कल आपकी जिंदगी इसकी वजह से खत्म न हो।”
कार्यक्रम के आखिर में सभी लोगों ने तंबाकू मुक्त समाज बनाने की शपथ ली। इस दौरान “Say No To Tobacco”, “Smoking Kills” और “Choose Life Over Addiction” जैसे नारे लगाए गए।
