Jan Bharat Samachar

महाराष्ट्र वुशू संघ के अध्यक्ष बने संदीप खर्डेकर

Spread the love

महाराष्ट्र राज्य वुशू रेफरी एवं जजेज कोर्स 2026 का सफल आयोजन

पुणे : महाराष्ट्र वुशू संघ के अध्यक्ष पद पर संदीप खर्डेकर तथा सचिव पद पर सौ. ललिता कटके की नियुक्ति की गई है। इसकी घोषणा वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव सोपानराव कटके ने की। ऑल महाराष्ट्र वुशू एसोसिएशन द्वारा आयोजित “महाराष्ट्र राज्य वुशू रेफरी एंड जजेज कोर्स 2026” का उद्घाटन सिंहगढ़ किले की तलहटी में स्थित डोणजे गांव के प्रथमेश गो क्रेजी रिसॉर्ट में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से आए 100 से अधिक रेफरी, प्रशिक्षक, खेल शिक्षक और वुशू पदाधिकारियों ने भाग लिया।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप खर्डेकर उपस्थित थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में वुशू खेल का स्तर ऊंचा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित रेफरी तैयार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर की सराहना करते हुए प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शिवछत्रपति पुरस्कार विजेता संदीप शेलार, तृप्ति चांदवडकर, प्रतीक्षा शिंदे सहित अनेक खिलाड़ी एवं खेल पदाधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर संदीप खर्डेकर ने शिवछत्रपति पुरस्कार विजेता एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सोपानराव कटके के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि वुशू खेल के प्रचार-प्रसार में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है और नई टीम उनके मार्गदर्शन में कार्य करेगी।

वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव सोपानराव एस. कटके ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लागू आधुनिक नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए रेफरियों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में वुशू रेफरियों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए यह प्रशिक्षण शिविर एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में वारजे-कर्वेनगर क्षेत्रीय कार्यालय की अध्यक्ष मंजुश्री खर्डेकर ने भी मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के साथ-साथ योग्य और निष्पक्ष रेफरी तैयार करना भी खेल विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिविर का आयोजन ऑल महाराष्ट्र वुशू एसोसिएशन की सचिव एवं रिया इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका ललिता कटके के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने राज्यभर से आए प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में टार्गेटबॉल एसोसिएशन ऑफ महाराष्ट्र के महासचिव दादासाहेब भोरे भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर महाराष्ट्र की खेल संस्कृति को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

वुशू के सांडा (Sanda) वर्ग के लिए ललित कुमार तथा ताओलू (Taolu) वर्ग के लिए अभिजीत ऐसवाल को अधिकृत प्रशिक्षक एवं परीक्षक नियुक्त किया गया। दोनों विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को आधुनिक रेफरिंग, प्रतियोगिता संचालन, अंक प्रणाली और अंतरराष्ट्रीय निर्णय प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया।आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से महाराष्ट्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षित एवं सक्षम रेफरियों की मजबूत टीम मिलेगी, जिससे राज्य में वुशू खेल के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

 

नई कार्यकारिणी घोषित

सोपानराव कटके ने महाराष्ट्र वुशू एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए निम्नलिखित पदाधिकारियों के नाम घोषित किए—

अध्यक्ष: संदीप खर्डेकर
उपाध्यक्ष: जयंत घैसास
सचिव: ललिता कटके
कोषाध्यक्ष: साधना शेलार
सदस्य: रमा हटकर, सुनील शेंडे, तृप्ति चांदवडकर, उर्मिला कुटे एवं माधव शैरीकर

Exit mobile version