पुणे/ बारामती, 7 जून। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने बारामती बस आगार में नई शामिल की गई 10 अत्याधुनिक ‘राजमाता जिजाऊ’ स्मार्ट बसों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य परिवहन (एसटी) महामंडल को यात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता और समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
‘हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे स्वच्छ सुंदर बसस्थानक अभियान-2025’ में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बारामती बसस्थानक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय उपमुख्यमंत्री अजित पवार की दूरदृष्टि के कारण बारामती में अनेक विकास कार्य हुए हैं। देश के लिए मॉडल बने बारामती बसस्थानक की स्वच्छता, बसों का समय पर संचालन और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना एसटी महामंडल की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बारामती बसस्थानक को 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार और स्मृति-चिह्न प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे बारामती के लिए गर्व का विषय है और इससे नागरिकों तथा संबंधित विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
इस अवसर पर नगराध्यक्ष सचिन सातव, उपविभागीय अधिकारी उत्तम दिघे, पुणे विभाग के एसटी नियंत्रक अरुण सिया, गट विकास अधिकारी किशोर माने, मुख्याधिकारी पंकज भुसे, विभागीय कामगार अधिकारी सचिन भुजबळ, आगार प्रबंधक प्रविण शिंदे सहित एसटी महामंडल के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने ‘राजमाता जिजाऊ’ स्मार्ट बस सेवा का किया लोकार्पण

