पुणे : प्रख्यात चित्रकार एवं शिल्पकार महिंद्र वाघमारे की चित्र एवं शिल्प प्रदर्शनी ‘स्वयंभू’ का उद्घाटन रविवार को पुणे के बालगंधर्व रंगमंदिर कला दालन में संपन्न हुआ। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन पुणे के उपमहापौर परशुराम वाडेकर के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर कोहिनूर ग्रुप खड़की शिक्षण संस्था के अध्यक्ष कृष्णकुमार गोयल, पूर्व उपमहापौर प्रकाश मंत्री, प्रसिद्ध मूर्तिकार विवेक खटावकर, डॉ. रुशाली रणधीर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मान्यवरों की उपस्थिति में प्रदर्शनी का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
प्रदर्शनी में महिंद्र वाघमारे द्वारा सृजित विविध चित्रकृतियों और शिल्पकृतियों का प्रदर्शन किया गया है, जिनमें कला, संस्कृति और सृजनशीलता की अनूठी झलक देखने को मिलती है। कला प्रेमियों ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कलाकार की रचनात्मकता की प्रशंसा की।

उद्घाटन समारोह में बोलते हुए उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने नागरिकों और कला प्रेमियों से इस प्रदर्शनी का अवश्य अवलोकन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कला प्रदर्शनियां समाज में कला के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। ‘स्वयंभू’ प्रदर्शनी कला प्रेमियों के लिए एक विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों के आने की उम्मीद जताई जा रही है।