पुणे, 11 जून। प्रस्तावित छत्रपति संभाजी राजे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (पुरंदर) परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजा स्वीकार करने की समयसीमा किसानों एवं सरपंचों की मांग पर बढ़ाकर 30 जून 2026 तक कर दी गई है। यह जानकारी पुणे के जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने दी।
जिलाधिकारी डुडी ने बताया कि हवाई अड्डे के लिए आवश्यक 1,216 हेक्टेयर भूमि में से 851 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। अब तक लगभग 70 प्रतिशत समझौता पत्र जमा किए जा चुके हैं। भूमि अधिग्रहण के लिए अब तक करीब 950 करोड़ रुपये का वितरण किया गया है, जबकि अगले सप्ताह 2,000 करोड़ रुपये और प्राप्त होने की संभावना है। शेष भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि कुछ किसानों की भूमि के मूल्यांकन, न्यायालयीन दावों, राजस्व विभाग से संबंधित मामलों, नाम संशोधन, वारिसों की प्रविष्टि, अधिकार त्याग पत्र तथा अन्य राजस्व प्रक्रियाएं अभी लंबित हैं। प्रशासन इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है, लेकिन प्रक्रिया में समय लग रहा है।
इसी पृष्ठभूमि में किसानों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने समयसीमा बढ़ाने की मांग की थी। सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद भूमि अधिग्रहण के लिए सहमति देने और मुआवजा स्वीकार करने की अंतिम तिथि 30 जून तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि समयसीमा बढ़ने से किसानों को लंबित दस्तावेजी और राजस्व संबंधी प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा तथा शेष भूमि अधिग्रहण का कार्य भी अधिक सुगमता से पूरा किया जा सकेगा।

