पुणे : इंटरनेशनल रोटरी इंडिया द्वारा वैश्विक महत्व के विषय “नेट ज़ीरो” पर एक विशेष सम्मेलन का आयोजन हर्षल हॉल, कर्वे रोड, पुणे में सफलतापूर्वक किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन सांसद मेधा कुलकर्णी ने किया। इस अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट ३१३१ के प्रांतपाल संतोष मराठे, पर्यावरण निदेशक राजेंद्रकुमार सराफ, डॉ. रामचंद्र भारद्वाज, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. सुहास वारके (आईपीएस), अरविंद मिठसागर तथा बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य उपस्थित थे।
मुख्य वक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि वैश्विक तापमान वृद्धि और जलवायु परिवर्तन मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौतियाँ हैं।उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान से कृषि, उद्योग और जनजीवन प्रभावित हो रहा है तथा बाढ़ और सूखे जैसी प्राकृतिकआपदाएँ बढ़ रही हैं।जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय समझौतों का प्रभावी क्रियान्वयनआवश्यक है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में सांसद मेधा कुलकर्णी ने भारत के नेट ज़ीरो लक्ष्य, नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग, कार्बन उत्सर्जन में कमी तथा पर्यावरण-अनुकूल विकास के प्रति प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण को कार्बन उत्सर्जन कम करने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय बताते हुए सभी नागरिकों से हरित एवं सतत भविष्य के लिए योगदान देने का आह्वान किया।
राजेंद्रकुमार सराफ ने “नेट ज़ीरो” अभियान को बढ़ावा देने के लिए रोटरी द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर सुहाना मसाला के निदेशक आनंद चोरडिया को “सेवा श्रेष्ठ” पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
“नेट ज़ीरो एप्लीकेशन्स” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में डॉ. पूर्वा केसकर, डॉ. प्रियदर्शिनी कर्वे, संदीप सोनिगरा, नम्रता धामणकर, श्यामला देसाई तथा राजेंद्रकुमार सराफ ने भाग लिया। सम्मेलन में विभिन्न विशेषज्ञों ने नेट ज़ीरो और पर्यावरण संरक्षण के विविध आयामों पर अपने विचार व्यक्त किए।
सम्मेलन के दौरान रोटरी के “ग्रीन वीक मिशन” के अंतर्गत कार्बन, जल और कचरा फुटप्रिंट कम करने के लिए नियमित पर्यावरणीय कार्यों पर जोर दिया गया। इस आयोजन ने पुणेवासियों में पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. गौरी जोशी ने किया, जबकि अरविंद मिठसागर एवं निलेश धोपाडे ने आभार व्यक्त किया।

