पुणे : श्री संत ज्ञानेश्वर महाराज और श्री संत तुकाराम महाराज की पालखियों का पुणे शहर में आगमन गुरुवार 9 जुलाई को होगा। इस पृष्ठभूमि में पुणे महानगरपालिका की ओर से पालखी मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पालखी मार्गों की स्थिति, वारकरियों की सुविधाएं, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पानी, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
इस अवसर पर में केंद्रीय सहकार एवं नागर विमानन राज्यमंत्रीमुरलीधर मोहोल, पुणे की महापौर मंजुषा नागपुरे, उपमहापौर परशुराम वाडेकर, स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले, विधायक हेमंत रासने, पुणे मनपा आयुक्त नवल किशोर राम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, नगरसेवक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पालखी आगमन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। येरवडा-कळस-धानोरी, औंध-बाणेर, भवानी पेठ तथा हडपसर क्षेत्रीय कार्यालयों में सुसज्जित आपदा प्रबंधन कक्ष स्थापित करने, सड़कों की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने, मुक्काम स्थलों की सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए।
मनपा ने मलनिस्सारण विभाग को नालों की सफाई, कल्वर्टों की मरम्मत तथा पालखी मार्ग के सभी चेंबरों पर लोहे की जालियां लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शहरभर के पावसाळी चेंबरों से कचरा हटाने और 24 घंटे स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। वारकरियों की सुविधा के लिए पालखी मार्ग पर विश्राम केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां स्वच्छ पेयजल, मोबाइल शौचालय, आपातकालीन चिकित्सा इकाई और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। विभिन्न स्थानों पर मोबाइल क्लीनिक भी तैनात किए जाएंगे।
यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं। वहीं मार्ग में बाधा बनने वाली टपरियां, अवैध अतिक्रमण और बेवारस वाहनों को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। सड़कों और फुटपाथों की मरम्मत, सीमाभित्तियों की सफाई तथा पेड़ों की छंटाई का कार्य भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मनपा प्रशासन ने पालखी मार्ग और दिंडियों के मुक्काम स्थलों पर 24 घंटे जलापूर्ति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए विशेष मरम्मत दल तैनात करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा संचेती चौक, विश्रांतवाड़ी चौक, एफ.सी. रोड और अलका टॉकीज चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर मोबाइल शौचालय और पेयजल की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग को पालखी आगमन से पूर्व मार्गों और मनपा स्कूलों में औषधि छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं घनकचरा प्रबंधन विभाग को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने और पर्याप्त सफाई कर्मी तैनात करने के आदेश दिए गए हैं।

