Site icon Jan Bharat Samachar

एसएनडीटी मेट्रो स्टेशन पर पार्किंग अव्यवस्था को लेकर महामेट्रो से कार्रवाई की मांग

Spread the love

पुणे। कर्वे रोड स्थित एसएनडीटी मेट्रो स्टेशन के आसपास बढ़ती पार्किंग अव्यवस्था और गंभीर यातायात समस्या को लेकर क्रिएटिव फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने महामेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डीकर को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि एसएनडीटी मेट्रो स्टेशन शहर के व्यस्ततम स्टेशनों में से एक है, लेकिन स्टेशन के निर्माण के समय पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण आस-पास के संकरे कैनाल रोड पर बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय रहवासियों, स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों तथा इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खर्डेकर ने बताया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू वसाहत, पांडुरंग कॉलोनी, विभिन्न दुकानों, गैरेज, नर्सरी, निर्माण सामग्री केंद्र, रिक्शा स्टैंड तथा पीएमपीएमएल बस स्टॉप के कारण पहले से ही यह क्षेत्र अत्यधिक व्यस्त है। अब मेट्रो यात्रियों द्वारा पांडुरंग कॉलोनी में भी वाहन पार्क किए जाने से समस्या और गंभीर होती जा रही है।
उन्होंने महामेट्रो, पुणे महानगरपालिका, यातायात पुलिस तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रभावी उपाय नहीं किए गए तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर आंदोलन शुरू करने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

Exit mobile version