पुणे : पुणे में लगातार गहराते जल संकट के मद्देनज़र पायल तिवारी बिटिया फाउंडेशन एवं गुलाबो गैंग की ओर से शुक्रवार को फर्ग्युसन कॉलेज रोड क्षेत्र में “पानी बचाओ अभियान” चलाया गया। अभियान के माध्यम से नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
इस अवसर पर बिटिया फाउंडेशन एवं गुलाबो गैंग की अध्यक्ष संगीता तिवारी, पूर्व महापौर अंकुश काकड़े, मकरंद टिल्लू, झांसी की रानी संस्था की अध्यक्ष रुपाली पाटील ठोंबरे, पूर्व उपमहापौर मुकारी अण्णा अलगुडे, गौरव गिरीश बापट, शोभा पणीकर तथा भारती लोंढे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान बताया गया कि खड़कवासला बांध श्रृंखला में जल भंडारण चिंताजनक स्तर पर पहुंच गया है और वर्तमान में केवल 4.8 टीएमसी पानी उपलब्ध है। ऐसे में प्रत्येक बूंद कीमती है और सभी नागरिकों को पानी की बचत को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने फर्ग्युसन कॉलेज रोड स्थित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का दौरा कर जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। होटल संचालकों से अनुरोध किया गया कि ग्राहकों को बिना आवश्यकता पूरा गिलास पानी देने के बजाय जरूरत के अनुसार या आधा गिलास पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रतिदिन हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके।
अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे पीने का पानी व्यर्थ न बहाएं, रिसाव वाले नलों की तुरंत मरम्मत कराएं, वाहन धोने में पानी की बर्बादी रोकें तथा होटल-रेस्टोरेंट भी पानी के उपयोग में विशेष सावधानी बरतें। साथ ही “बूंद-बूंद से सागर भरता है” की भावना के साथ हर नागरिक को जल संरक्षण में अपना योगदान देने का संदेश दिया गया।
आयोजकों ने कहा कि बढ़ती आबादी और घटते जल भंडार की चुनौती से निपटने के लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। पानी केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने योग्य सामूहिक धरोहर है।
पायल तिवारी बिटिया फाउंडेशन और गुलाबो गैंग ने चलाया ‘पानी बचाओ अभियान

