Site icon Jan Bharat Samachar

पवना बांध में केवल 19 प्रतिशत उपयोगी जल भंडार

Spread the love

आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी की नागरिकों से अपील— पानी का उपयोग संयम और जिम्मेदारी से करें

पिंपरी : पवना बांध में केवल 19 प्रतिशत उपयोगी जल भंडार शेष रहने तथा इस वर्ष मानसून के विलंब से पहुंचने के कारण उत्पन्न स्थिति को देखते हुए पुणे सिंचाई विभाग ने पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका को शहर के जलापूर्ति में 15 प्रतिशत कटौती करने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुसार शुक्रवार, 19 जून 2026 से शहर में पानी की आपूर्ति में 15 प्रतिशत कमी लागू कर दी गई है।
महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का अत्यंत सावधानी और मितव्ययिता के साथ उपयोग करें तथा जल संरक्षण में सक्रिय सहयोग दें।
पिंपरी-चिंचवड़ शहर को पवना बांध से पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। वर्तमान में बांध में केवल 19 प्रतिशत उपयोगी जल भंडार उपलब्ध है। मानसून के आगमन में देरी तथा आगामी दिनों में पानी की मांग को देखते हुए उपलब्ध जल का नियोजित एवं संतुलित प्रबंधन आवश्यक हो गया है। इसी के मद्देनज़र पुणे सिंचाई विभाग ने जलापूर्ति में 15 प्रतिशत कटौती के निर्देश जारी किए हैं।
महानगरपालिका के मुख्य अभियंता प्रमोद ओंभासे ने बताया कि विभाग के निर्देशों के अनुसार शहर में आवश्यक स्तर पर जलापूर्ति में कटौती लागू कर दी गई है।
आयुक्त की अपील
आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने कहा कि उपलब्ध जल भंडार का सुनियोजित प्रबंधन करने के लिए यह कदम उठाया गया है। नागरिक वाहन धोने, बगीचों में आवश्यकता से अधिक पानी देने तथा नलों को अनावश्यक रूप से खुला छोड़ने जैसी गतिविधियों से बचें। उन्होंने कहा कि पानी की बचत प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी लोग जल संरक्षण के नियमों का पालन कर महानगरपालिका का सहयोग करें।

Exit mobile version