पुणे, 3 जुलाई : महानगरपालिका और नगरपालिका की बढ़ी हुई हदों में शामिल क्षेत्रों को अब ‘प्रॉपर्टी कार्ड’ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. हुलगेश चलवादी ने कहा कि महायुति सरकार के इस फैसले से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अब इन क्षेत्रों में 7/12 उतारों के बजाय प्रॉपर्टी कार्ड जारी किए जाएंगे, जिससे संपत्ति की खरीद-बिक्री, हस्तांतरण और बैंक ऋण प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी होगी। डॉ. चलवादी ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले और महसूल मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि शहरी सीमा में शामिल कई गांवों में अब तक 7/12 अभिलेख होने से नागरिकों को स्वामित्व साबित करने में दिक्कतें आती थीं। अब सिटी सर्वे के माध्यम से प्रॉपर्टी कार्ड मिलने से यह समस्या काफी हद तक दूर होगी। साथ ही, इससे भूमाफिया के त्रास से भी नागरिकों को राहत मिलेगी और उनके संपत्ति संबंधी अधिकार सुरक्षित होंगे।

