पुणे, 6 जुलाई। कै. श्रीमती लक्ष्मीबाई दगडूशेठ हलवाई दत्त मंदिर के 129वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को पुणे की महापौर मंजुषा नागपुरे और पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के शुभहस्तों से श्री दत्तगुरु की भव्य महाआरती संपन्न हुई। इस अवसर पर महापौर ने श्री दत्तगुरु के दर्शन कर पुणे शहर के सर्वांगीण विकास, नागरिकों के कल्याण तथा अच्छी वर्षा के लिए प्रार्थना की।

महापौर मंजुषा नागपुरे ने कहा, “बचपन से मैं दत्त मंदिर में दर्शन के लिए आती रही हूँ। आज श्री दत्तगुरु की महाआरती करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, यह मेरे लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। महापौर के रूप में मिली जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए मैं पुणेकरों के हित में कार्य कर सकूँ तथा शहर को पानी उपलब्ध कराने वाले सभी बांध भरपूर भरें, यही मेरी प्रार्थना है।”
इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पुनीत बालन, कार्यकारी ट्रस्टी राजू बलकवडे, उपाध्यक्ष एड. विवेक भरगुडे एवं वर्षा थोरवे, कोषाध्यक्ष सूरज थोरात, उत्सव प्रमुख नितीन पंडित, उप-उत्सव प्रमुख मनीषाताई खेडेकर, आर. एम. धारिवाल फाउंडेशन की अध्यक्षा जान्हवी धारिवाल-बालन तथा ट्रस्टी पराग काळकर और महेंद्रशेठ गाडवे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
महाआरती के बाद मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री दत्तगुरु के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा, “पुणेकरों की सुरक्षा का दायित्व निभाते हुए लंबे समय से श्री दत्त महाराज के दर्शन की इच्छा थी, जो आज पूरी हुई। पत्नी के साथ महाआरती करने का अवसर मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। इसके लिए मैं ट्रस्ट के अध्यक्ष पुनीत बालन एवं समस्त ट्रस्ट मंडल का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”