नई फ्रेंचाइजी से ISRL के विस्तार को मिलेगी रफ्तार, भारत की तेजी से उभरती मोटरस्पोर्ट लीग के रूप में स्थिति होगी और मजबूत
पुणे: भारत की प्रमुख सुपरक्रॉस रेसिंग प्रतियोगिता इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग (ISRL) ने अपने तीसरे सीजन के लिए पुनित बालन ग्रुप (PBG) का नई फ्रेंचाइजी के रूप में स्वागत किया है। पीबीजी रेसिंग के नाम से गठित इस नई टीम के माध्यम से पुनित बालन ग्रुप ने भारतीय मोटरस्पोर्ट्स में प्रवेश किया है।
इस नई फ्रेंचाइजी के जुड़ने से पुणे का महत्व देश के तेजी से उभरते खेल केंद्र और सक्रिय मोटरस्पोर्ट हब के रूप में और बढ़ने की उम्मीद है।
प्रसिद्ध उद्यमी, फिल्म निर्माता और खेलों के समर्थक पुनित बालन के नेतृत्व वाली यह फ्रेंचाइजी सुपरक्रॉस रेसिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन, युवा प्रतिभाओं के विकास और बड़े स्तर पर लीग सहभागिता की सोच के साथ मैदान में उतरेगी।
पुनित बालन ग्रुप इससे पहले क्रिकेट, शतरंज, टेनिस, हैंडबॉल, टेबल टेनिस, खो-खो, बैडमिंटन और आर्म रेसलिंग सहित कई खेलों में निवेश और टीम स्वामित्व के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका है। अब ISRL में प्रवेश को देश की अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए अवसर पैदा करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के समूह के अभियान का एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
महाराष्ट्र में मजबूत होगी लीग की मौजूदगी
ISRL में पीबीजी रेसिंग के शामिल होने से महाराष्ट्र में लीग की स्थिति और मजबूत होने की संभावना है। इसके साथ ही भारतीय सुपरक्रॉस से नए खेलप्रेमियों को जोड़ने और प्रशंसकों के लिए फैन एंगेजमेंट के नए अवसर तैयार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुनित बालन ग्रुप के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक पुनित बालन ने कहा कि खेल हमेशा से युवा प्रतिभाओं को प्रेरित करने और मजबूत समुदाय के निर्माण का प्रभावी माध्यम रहे हैं।
उन्होंने कहा, “इसी सोच ने पिछले कुछ वर्षों के दौरान खेल क्षेत्र में हमारे प्रत्येक निवेश को दिशा दी है। इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग भारत के रेसिंग क्षेत्र में एक रोमांचक नए दौर का प्रतिनिधित्व करती है।”
बालन ने कहा कि महाराष्ट्र और विशेष रूप से पुणे, यहां के उत्साही प्रशंसकों और रेसिंग के आसपास विकसित हो रही संस्कृति के कारण देश के प्रमुख मोटरस्पोर्ट केंद्रों में तेजी से उभर रहा है।
उन्होंने कहा, “सीजन तीन के लिए ISRL से जुड़कर हमें बेहद खुशी हो रही है। हम ऐसी फ्रेंचाइजी तैयार करना चाहते हैं, जो भारतीय रेसिंग के जुनून, उत्कृष्टता और रोमांच को प्रदर्शित करे। इसके साथ ही हम देश में मोटरस्पोर्ट्स के दीर्घकालीन विकास में योगदान देना चाहते हैं।”
‘पीबीजी के आने से लीग को मिलेगा नया उत्साह’
ISRL के सह-संस्थापक और निदेशक ईशान लोखंडे ने कहा कि तीसरे सीजन के लिए पुनित बालन ग्रुप का लीग परिवार में शामिल होना खुशी की बात है।
उन्होंने कहा, “भारतीय खेलों और विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों के विकास के प्रति पुनित बालन की प्रतिबद्धता विश्वस्तरीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने की उनकी दूरदृष्टि को दर्शाती है।”
लोखंडे के अनुसार, ISRL में पुनित बालन ग्रुप की एंट्री लीग की प्रगति, संभावनाओं और सुपरक्रॉस को भारत के मुख्यधारा खेल एवं मनोरंजन क्षेत्र में स्थापित करने के प्रयासों पर भरोसे की एक और मजबूत मुहर है।
उन्होंने कहा कि नई फ्रेंचाइजी प्रशंसकों और रेसिंग समुदाय के बीच नया उत्साह पैदा करेगी तथा लीग इस साझा सफर को लेकर उत्साहित है।
मोटरस्पोर्ट्स में बढ़ रहा निवेशकों का भरोसा
खेल, मनोरंजन, युवा संस्कृति और व्यवसाय का संगम बन चुकी इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग लगातार तेजी से आगे बढ़ रही है।
ISRL में पुनित बालन ग्रुप का प्रवेश भारत के मोटरस्पोर्ट्स क्षेत्र में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों और लीग के दीर्घकालीन उद्देश्यों में प्रमुख निवेशकों तथा खेल उद्यमियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
लीग का तीसरा सीजन पहले से अधिक भव्य, तेज और रोमांचक होने की उम्मीद है। ISRL ऐसी फ्रेंचाइजी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिसमें उच्च स्तरीय रेसिंग, मनोरंजन और प्रशंसकों के अनुभव का बेहतर समन्वय देखने को मिलेगा।

