Site icon Jan Bharat Samachar

जेजुरी सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्रियों ने जताया शोक

Spread the love

पुणे। पुणे जिले के जेजुरी क्षेत्र में पंढरपुर वारी के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिला वारकरियों की मौत पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाली प्रत्येक महिला वारकरी के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने हादसे में दिवंगत वारकरियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों का नजदीकी अस्पताल में उपचार जारी है और सरकार उनकी हरसंभव सहायता कर रही है।

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला वारकरियों से मुलाकात की और जिला प्रशासन को उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंढरपुर वारी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि वारी मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और एहतियाती उपायों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गौरतलब है कि जेजुरी के निकट बेलसर टोल नाका से लगभग 500 मीटर आगे होटल शिपदीप लॉजिंग के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने वारकरियों के समूह को टक्कर मार दी। हादसे में तीन महिला वारकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।

Exit mobile version