पुणे। निगड़ी में मुख्य जल पाइपलाइन के स्थानांतरण और होलकर जल शुद्धिकरण केंद्र में चल रहे मरम्मत एवं विद्युत संबंधी कार्यों के कारण गुरुवार, 23 जुलाई को पुणे के नगर रोड, बंडगार्डन और खड़की क्षेत्र के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। यह जानकारी पुणे महानगरपालिका के जल आपूर्ति विभाग ने दी है।
विभाग के अनुसार, पिंपरी-चिंचवड़ मनपा सीमा के अंतर्गत निगड़ी में मुख्य जल लाइन का स्थानांतरण किया जाएगा। वहीं होलकर जल शुद्धिकरण केंद्र में आवश्यक मरम्मत और विद्युत कार्य भी किए जाएंगे। इसके चलते प्रभावित क्षेत्रों में पूरे दिन जलापूर्ति बंद रहेगी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार, 24 जुलाई को भी जलापूर्ति सामान्य होने में समय लगेगा। कई इलाकों में पानी देर से और कम दबाव के साथ उपलब्ध होगा।
इन क्षेत्रों में नहीं आएगा पानी
बंडगार्डन जल आपूर्ति विभाग:
म्हस्के बस्ती, गणेश नगर (बोपखेल), कलस, एयरपोर्ट परिसर, खराड़ी, विश्रांतवाड़ी का कुछ हिस्सा, संजय पार्क, हरिगंगा टंकी पर निर्भर अहिल्यानगर, सैनिक नगर, साप्रस, शांतिनगर, प्रतीक नगर, जाधव नगर, पंचशील नगर सहित आसपास के क्षेत्र।
चतुःशृंगी जल आपूर्ति विभाग:
खड़की कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र, एम्यूनिशन फैक्टरी परिसर तथा मुला रोड से जुड़े कुछ इलाकों में भी जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
जल आपूर्ति विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पहले से पानी का भंडारण कर लें और पानी का उपयोग सोच-समझकर करें।

