पुणे (खड़की)। कई बार जीवन में ऐसे अनुभव होते हैं, जो ईश्वर की विशेष कृपा और अद्भुत स्मरण शक्ति का एहसास कराते हैं। पुणे के खड़की निवासी सबेस्टियन जोसेफ मरियन ने बिना देखे बाइबल के 469 वचन लिखकर एक अनूठा विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि के लिए उनका नाम ओएमजी वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया और उन्हें गोल्ड मेडल तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
49 वर्षीय सबेस्टियन मरियन ने लगातार 1 घंटा 21 मिनट तक बैठकर बिना किसी पुस्तक की सहायता लिए बाइबल के 469 वचन लिखे। उनकी इस असाधारण स्मरण शक्ति को देखते हुए ओएमजी वर्ल्ड रिकॉर्ड ने इसे आधिकारिक रूप से विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता दी।
सबेस्टियन मरियन की शिक्षा केवल चौथी कक्षा तक हुई है। उन्हें हिंदी लिखना नहीं आता, हालांकि वे हिंदी पढ़ सकते हैं। बचपन से ही उनकी धार्मिक विषयों में गहरी रुचि रही है। नियमित अध्ययन और अभ्यास के कारण उन्हें बाइबल के अनेक वचन कंठस्थ हो गए।
उन्होंने बताया कि एक दिन उनके पुत्र ज्यूड ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बाइबल के वचन याद होना अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है। इसके बाद ज्यूड ने इंटरनेट के माध्यम से ओएमजी वर्ल्ड रिकॉर्ड से संपर्क किया। संस्था के प्रतिनिधियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सबेस्टियन ने 1 घंटा 21 मिनट में बिना देखे 469 वचन लिखकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि पर ओएमजी वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से प्रो. दिनेश गुप्ता ने उन्हें गोल्ड मेडल और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सबेस्टियन मरियन ने कहा कि ईश्वर हर व्यक्ति को अलग-अलग प्रतिभा, गुण और कौशल प्रदान करता है। यदि लगन और मेहनत हो तो कम शिक्षा या अधिक उम्र कभी भी सफलता में बाधा नहीं बनती। उन्होंने कहा कि चौथी तक पढ़ाई करने के बावजूद 49 वर्ष की आयु में विश्व रिकॉर्ड बनाना इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प से कोई भी व्यक्ति देश का नाम रोशन कर सकता है।

