Site icon Jan Bharat Samachar

पंजाबी कल्चरल एसोसिएशन में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Spread the love

पुणे, 15 अगस्त। हर वर्ष की परंपरा को कायम रखते हुए पंजाबी कल्चरल एसोसिएशन (पीसीए) के प्रांगण में इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। पंजाबी कल्चरल एसोसिएशन, पूना ऑटो वर्ल्ड डीलर एसोसिएशन (पाड़ा) और लायंस क्लब संगमनेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. ब्रिगेडियर अमरजीत सिंह रहे। मंच पर उनके साथ पीसीए अध्यक्ष कश्मीर नागपाल, पाड़ा अध्यक्ष वीरमीत सिंह मैनी, लायंस क्लब अध्यक्ष महेंद्र शॉ तथा समाजसेवक संतोष यादव उपस्थित थे। वहीं, गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार के अध्यक्ष चरणजीत सिंह साहनी और वर्ल्ड सिख पंजाबी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ. गुरबीर सिंह मकीजा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इस अवसर पर पीसीए के उपाध्यक्ष अरुण चोपड़ा, पूर्व अध्यक्ष अशोक अग्रवाल सहित तीनों संस्थाओं के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए। पाड़ा के सचिव अभिजीत देशपांडे ने कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुगम संचालन किया।

समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीसीए अध्यक्ष कश्मीर नागपाल और पाड़ा अध्यक्ष वीरमीत सिंह मैनी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के हित में सकारात्मक कार्यों को आगे बढ़ाते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

ब्रिगेडियर अमरजीत सिंह ने साझा किए अनुभव

मुख्य अतिथि डॉ. ब्रिगेडियर अमरजीत सिंह ने अपने संबोधन में देश की सेवा के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा किया। उन्होंने देश के लिए किए गए संघर्ष, कर्तव्य और राष्ट्रसेवा से जुड़े संस्मरण सुनाते हुए उपस्थित लोगों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया। उनके प्रेरणादायी संबोधन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

देशभक्ति गीतों ने बांधा समां

समारोह के दौरान विशेष रूप से देशभक्ति गीतों का सुंदर कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया और उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों और उपस्थित सदस्यों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। मान-सम्मान, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का हर्षोल्लासपूर्ण समापन हुआ।

Exit mobile version