पुणे : भारत की स्वतंत्रता के 80वें वर्ष के अवसर पर सूर्यदत्त एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से 14 से 22 अगस्त तक विशेष स्वतंत्रता दिवस सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। बावधन स्थित सूर्यदत्त परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण में हुई। इस अवसर पर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों की 11 वीरपत्नीओं को ‘वीर नारी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सूर्यदत्त एजुकेशन फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष प्रा. डॉ. संजय बी. चोरडिया तथा संस्थान की उपाध्यक्ष एवं सचिव श्रीमती सुषमा चोरडिया के हाथों वीरपत्नीओं को सम्मानचिह्न, तिरंगा महावस्त्र, सम्मानपत्र और भारतीय संस्कृति का प्रतीक फेटा प्रदान कर सम्मानित किया गया। वीर जवानों के परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला यह समारोह उपस्थित लोगों के लिए बेहद भावुक क्षण रहा।
इस अवसर पर प्रसिद्ध गायक जितेंद्र भुरुक और उनकी टीम ने स्वतंत्रता के 80वें वर्ष के उपलक्ष्य में 80 देशभक्ति गीतों का विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विभिन्न भारतीय भाषाओं में प्रस्तुत गीतों के माध्यम से देश की विविधता, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, शौर्य और राष्ट्रीय एकता का प्रभावी संदेश दिया गया। विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम को उत्स्फूर्त प्रतिक्रिया दी। जितेंद्र भुरुक और उनकी टीम के संगीत क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सूर्यदत्त की ओर से उन्हें ‘सूर्यभारत एक्सलन्स अवॉर्ड – इन द फील्ड ऑफ म्यूजिक’ से सम्मानित किया गया।
प्रा. डॉ. संजय बी. चोरडिया ने कहा कि स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में केवल स्वतंत्रता की याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी आवश्यक है। शिक्षा, संस्कार, कौशल और राष्ट्रभक्ति के माध्यम से सक्षम युवा पीढ़ी तैयार करना विकसित भारत के निर्माण की सही दिशा है। उन्होंने कहा कि वीर जवानों द्वारा देश के लिए दिए गए बलिदान, त्याग और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का यह एक प्रयास है।
कार्यक्रम का आयोजन अकादमिक डीन प्रा. डॉ. प्रतीक्षा वाबले तथा सूर्यदत्त नेशनल स्कूल की प्राजक्ता पाटकर के मार्गदर्शन में किया गया। विभिन्न विभागों के प्रमुखों, शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों ने आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. सुनील धनगर ने किया।
इस अवसर पर वीरपत्नी कांचन सरोदे ने भावुक होते हुए कहा कि सूर्यदत्त द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अब तक किसी संस्था ने इस तरह का कार्यक्रम आयोजित नहीं किया। वीर नारियों को दिए गए सम्मान से वे सभी भावुक और गौरवान्वित हैं। उन्होंने प्रा. डॉ. संजय बी. चोरडिया, सुषमा चोरडिया सहित सूर्यदत्त संस्थान के सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

