पुणे। एमआईटी पुणे टेक्नोलॉजी बिजनेस इन्क्यूबेटर (MIT-TBI) पिछले 10 वर्षों से नवोद्यमियों और तकनीक आधारित स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित कर रहा है। इसी प्रयास का परिणाम है कि आज तक 20 से अधिक सफल स्टार्टअप्स तैयार होकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं। यह जानकारी एमआईटी पुणे टेक्नोलॉजी बिजनेस इन्क्यूबेटर के निदेशक प्रो. प्रकाश जोशी ने एक पत्रकार परिषद में दी।
इस अवसर पर साहिल नाहर (Ergen Technovation), सार्थवाह भोंगड़े (Akxy Solutions), ऋचा रोकड़े (Sante Foods), आर्या कदम (Fyntrest Education) और मित मालपाणी (Raremint) उपस्थित थे।
प्रो. प्रकाश जोशी ने बताया कि MIT-TBI से जुड़े स्टार्टअप्स ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। Ergen Technovation ने फास्ट ईवी चार्जिंग तकनीक विकसित की है, जिसे EFY Pune Auto R&D Awards 2026 से सम्मानित किया गया। Akxy Solutions ने स्मार्ट होम कंपोस्टिंग सिस्टम विकसित किया है और उसे Entrepreneur Excellence Award 2026 प्राप्त हुआ है।
Shreedha Green Solutions ने पर्यावरण-अनुकूल पुन: उपयोग योग्य खादी नैपकिन विकसित किए हैं, जबकि Boost My Child बच्चों के समग्र विकास के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म संचालित कर रहा है। Sante Foods स्वास्थ्यवर्धक डार्क चॉकलेट्स के निर्माण के लिए प्रसिद्ध है और Maha60 Program के टॉप 60 स्टार्टअप्स में शामिल हो चुका है। Ruturas Food स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पादों पर कार्य कर रहा है।
Proxi Farma Pvt. Ltd. पौधों पर आधारित पोषण उत्पाद विकसित कर रही है और उसे भारत सरकार के राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। Skalix Industries विशेष रसायनों और बायो-सॉल्वेंट उत्पादन के क्षेत्र में कार्यरत है, जबकि Cresa Green Tech जैव-विघटनीय सैनिटरी उत्पाद विकसित कर रही है। Alkaline ने नवाचार आधारित अल्कलाइन वॉटर मशीन विकसित की हैं। Fyntrest Education वित्तीय शिक्षा और फिनटेक क्षेत्र में कार्यरत है, जबकि Raremint प्रीमियम बांस और कॉटन से बने मोजों के लिए पहचान बना चुका है।
प्रो. जोशी ने बताया कि MIT-TBI 12 हजार वर्गफुट क्षेत्र में स्थापित है और 27 से अधिक विशेषज्ञ मेंटर्स के माध्यम से स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन, रणनीतिक सलाह, फंडिंग सहायता, आधारभूत सुविधाएं, नेटवर्किंग और उद्योग जगत से संपर्क जैसी सेवाएं प्रदान करता है। संस्थान का उद्देश्य नई कल्पनाओं को सफल और टिकाऊ व्यवसायों में बदलना है।
70 से अधिक स्टार्टअप्स जुड़े
प्रो. प्रकाश जोशी के नेतृत्व में MIT-TBI अब तक 20 से अधिक स्टार्टअप्स का सफल इन्क्यूबेशन कर चुका है। वर्तमान में 70 से अधिक स्टार्टअप्स सेंटर से जुड़े हुए हैं। इनमें 30 से अधिक स्टार्टअप्स प्रत्यक्ष रूप से और 35 से अधिक स्टार्टअप्स रिमोट मोड में कार्य कर रहे हैं। इनका विस्तार ईवी टेक्नोलॉजी, क्लीनटेक, हेल्थकेयर, फूड टेक्नोलॉजी, एजुकेशन, फिनटेक, मैन्युफैक्चरिंग और उपभोक्ता-केंद्रित समाधानों जैसे क्षेत्रों तक है।
MIT-TBI ने स्पष्ट किया कि वह भविष्य में भी अधिक से अधिक स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित कर भारत के नवाचार और उद्यमिता इकोसिस्टम को मजबूत बनाने के लिए कार्य करता रहेगा।

