मुंबई : आगामी गणपति उत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए मध्य रेलवे ने 262 गणपति विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन विशेष ट्रेनों का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना तथा त्योहार के दौरान होने वाली अतिरिक्त भीड़ का प्रभावी प्रबंधन करना है।
कुल 262 विशेष फेरों में 200 आरक्षित विशेष ट्रेनें और 62 अनारक्षित विशेष ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें मुंबई, पुणे और नागपुर से कोंकण क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख गंतव्यों के लिए संचालित की जाएंगी।
200 आरक्षित विशेष ट्रेनों में सावंतवाड़ी रोड के लिए 112 फेरे, रत्नागिरी के लिए 64 फेरे तथा मडगांव के लिए 24 फेरे शामिल हैं। 9 सितंबर 2026 से शुरू होने वाली इन विशेष ट्रेनों में अब तक 1,17,682 यात्रियों ने आरक्षण कराया है। यात्रियों की सुविधा के लिए मध्य रेलवे ने विभिन्न स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट खिड़कियां, प्रतीक्षा क्षेत्र, निःशुल्क पेयजल, भोजन एवं स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष ट्रेनों में कतार प्रबंधन व्यवस्था लागू की गई है तथा अतिरिक्त आरपीएफ जवानों और टिकट जांच कर्मियों की तैनाती की गई है।
मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन प्रस्थान से कम से कम 30 मिनट पहले स्टेशन पहुंचें, वैध टिकट और पहचान पत्र साथ रखें तथा रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।
गणपति विशेष ट्रेनों की समय-सारिणी, मार्ग और ठहराव संबंधी जानकारी के लिए यात्री भारतीय रेलवे की वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in, एनटीईएस ऐप तथा रेलवन ऐप का उपयोग कर सकते हैं। मध्य रेलवे ने कहा है कि गणपति उत्सव के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

