संकट में घिरे अन्नदाता किसानों के लिए बप्पा से की प्रार्थना
पुणे : गणेशोत्सव के पावन अवसर पर राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री तथा संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांतदादा पाटील ने मंगलवार को पुणे के प्रमुख गणपति मंडलों में पहुंचकर गणराय के दर्शन किए। उन्होंने मान के पांचों गणपतियों के साथ श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति और श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति बप्पा के भी दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
विशेष बात यह रही कि गणपति दर्शन के लिए चंद्रकांतदादा पाटील ने रिक्षा से सफर किया। उनके इस सादगीपूर्ण और अनोखे अंदाज ने गणेशभक्तों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद किया और सभी को गणेशोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
पुणे के ऐतिहासिक और पारंपरिक गणेशोत्सव की भव्यता, उत्साह और भक्तिमय वातावरण का अनुभव करते हुए चंद्रकांतदादा पाटील ने गणराय से महाराष्ट्र की प्रगति, नागरिकों के सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
साथ ही, बारिश और विभिन्न संकटों के कारण परेशान बळीराजा यानी अन्नदाता किसानों की मुश्किलें दूर हों और उन्हें राहत मिले, इसके लिए भी उन्होंने गणपति बप्पा से विशेष प्रार्थना की।

