Site icon Jan Bharat Samachar

विद्यार्थियों के सवालों का राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दिया जवाब

Spread the love

पिंपरी-चिंचवड़, 17 सितंबर 2026: महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने पुणे दौरे के दौरान चिंचवड़ स्थित नोव्हेल इंटरनेशनल स्कूल का सदिच्छा दौरा किया। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों से खुलकर संवाद किया और उनके विभिन्न सवालों के जवाब देते हुए मार्गदर्शन किया।

विद्यार्थियों को प्रशासन और शासन व्यवस्था की जानकारी प्रत्यक्ष रूप से मिले तथा उनके जिज्ञासापूर्ण सवालों के जवाब सीधे मंत्री से मिल सकें, इस उद्देश्य से यह संवाद कार्यक्रम नोव्हेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के संस्थापक-अध्यक्ष एवं विधायक अमित गोरखे की ओर से आयोजित किया गया था।

जन्म प्रमाणपत्र और राशन कार्ड को लेकर सवाल

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने राजस्व विभाग और प्रशासन से जुड़े कई सवाल मंत्री के सामने रखे। एक विद्यार्थी ने जन्म प्रमाणपत्र, डोमिसाइल और राष्ट्रीयता प्रमाणपत्र प्राप्त करने में लगने वाले समय को कम करने की मांग की।

वहीं, एक छात्रा ने राशन कार्ड को डिजिटल कर मोबाइल फोन पर उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। विद्यार्थियों के इन सवालों और सुझावों की मंत्री बावनकुले ने सराहना की।

डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने पर जोर

विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि शासन के आईटी विभाग के माध्यम से डेटा सेंटर और डिजिटल प्रणाली के इस्तेमाल को बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है। राशन कार्ड को डिजिटल रूप में मोबाइल पर उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है और आने वाले समय में यह सुविधा नागरिकों के लिए उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कामकाज में तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल कर आम नागरिकों का जीवन आसान बनाने का सरकार का प्रयास है।

कई गणमान्य रहे उपस्थित

कार्यक्रम में नोव्हेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के संस्थापक-अध्यक्ष एवं विधायक अमित गोरखे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा विधायक विक्रांत पाटील, उपमहापौर शर्मिला बाबर, भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अनुप मोरे, समीर जेऊरकर, डॉ. प्रिया गोरखे, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

Exit mobile version