Site icon Jan Bharat Samachar

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर एसएनडीटी मेट्रो स्टेशन पर दिवाली जैसा उत्साह

Spread the love

पुणे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कोथरुड भाजपा की ओर से एसएनडीटी मेट्रो स्टेशन परिसर में हजारों दीप प्रज्वलित कर उत्सव मनाया गया। हजारों दीपों से पूरा मेट्रो स्टेशन परिसर रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान “मोदीजी, आप देश का विकास करो, हम आपके साथ हैं!” जैसे नारों से परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम में राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री तथा कोथरुड के विधायक चंद्रकांतदादा पाटील, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, भाजपा पुणे शहर महासचिव एवं सेवा पर्व संयोजक सुशील मेंगडे, भाजपा दक्षिण मंडल अध्यक्ष गिरीश खत्री, उत्तर मंडल अध्यक्ष सचिन पाषाणकर सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में ‘सेवा पर्व’ मनाया जा रहा है। इसके तहत केंद्र सरकार द्वारा देशभर में किए गए विभिन्न विकास कार्यों और परियोजनाओं से जुड़े स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी पहल के तहत भाजपा कोथरुड मंडल की ओर से एसएनडीटी मेट्रो स्टेशन परिसर में हजारों दीप प्रज्वलित कर उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर पूरा मेट्रो स्टेशन परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

इस अवसर पर चंद्रकांतदादा पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति कर रहा है। उनके नेतृत्व में कई महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं को गति मिली है और विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण उनके हाथों हुआ है। उनकी गतिशील कार्यप्रणाली से देश के विकास को नई दिशा मिली है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विशेष रूप से मेट्रो यात्रियों ने भी इस उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Exit mobile version