Site icon Jan Bharat Samachar

दांत शरीर के स्वास्थ्य का प्रवेशद्वार, इनकी देखभाल बेहद जरूरी : गोपालदादा तिवारी

Spread the love

पुणे, 27 सितंबर। शरीर के समग्र स्वास्थ्य में दांतों का महत्वपूर्ण स्थान है और दांत शरीर के स्वास्थ्य का प्रवेशद्वार हैं। इसलिए दांतों की नियमित देखभाल और जांच आवश्यक है। यह बात कांग्रेस नेता गोपालदादा तिवारी ने कही।

नवी पेठ तालीम स्थित श्री गणेश मित्र मंडल सार्वजनिक गणेशोत्सव की ओर से आयोजित निःशुल्क दंत जांच एवं उपचार शिविर के समापन अवसर पर वे बोल रहे थे। एम. ए. रंगूनवाला कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेस, पुणे के सहयोग से इस दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया था।

शिविर का शुभारंभ गणेश मंडल के वरिष्ठ कार्यकर्ता वसंतराव गवारे के हाथों किया गया। समापन अवसर पर गोपालदादा तिवारी ने कहा कि सार्वजनिक गणेशोत्सव के माध्यम से क्षेत्र के जरूरतमंद नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सराहनीय सामाजिक पहल है। यह सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वास्थ्य की रक्षा के लिए दांतों की नियमित देखभाल करना समग्र स्वास्थ्य को बनाए रखने वाली अच्छी आदत है। आर्थिक कठिनाइयों अथवा उपचार पर होने वाले खर्च के कारण दंत चिकित्सा से वंचित रहने वाले बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए इस तरह के शिविर उपयोगी साबित होते हैं।

करीब 90 नागरिकों ने लिया लाभ

एम. ए. रंगूनवाला कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेस के डॉ. उत्कर्षा देशपांडे, डॉ. उमेर शेख, डॉ. असिफाली मुलाणी, डॉ. अदनान बागवान, डॉ. मोरेश्वर पवार और निलोफर पटेल ने नागरिकों की दंत जांच की तथा आवश्यकता के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया। शिविर में करीब 90 नागरिकों ने लाभ लिया।

शिविर के निमंत्रक, कांग्रेस के प्रभाग अध्यक्ष एवं मंडल के कार्याध्यक्ष शेखर पवार ने आभार व्यक्त किया। मंडल के अध्यक्ष सागर गोले सहित आशिष शिंदे, आयुष गोले, समर्थ पवार और अनिकेत काले ने शिविर के सफल आयोजन के लिए विशेष प्रयास किए।

इस अवसर पर शहर कांग्रेस के अविनाश अडसूळ, गणेश ठोंबरे सहित क्षेत्र के नागरिकों और कार्यकर्ताओं का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

Exit mobile version