पुणे, : राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, बापू भवन, ताड़ीवाला रोड, पुणे में 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी, इंटर्न्स, विद्यार्थी एवं जनसामान्य उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. नैना आठलये, Coordinator for Gandhian Studies द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए महात्मा गांधी के जीवन, विचारों तथा उनके आदर्शों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
इसके पश्चात संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों, इंटर्न्स, विद्यार्थियों एवं अन्य गणमान्यजनों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी एवं मानव सेवा के सिद्धांतों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने महात्मा गांधी के आदर्शों एवं सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने तथा उनके विचारों को व्यवहार में उतारने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज को सत्य, अहिंसा, स्वावलंबन, स्वच्छता और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्थान द्वारा सभी उपस्थित जनों के लिए प्राकृतिक आहार केंद्र में स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में सभी की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

