Site icon Jan Bharat Samachar

मंचर की ऐतिहासिक पांडवकालीन बावड़ी को वक्फ बोर्ड के कब्जे से मुक्त कराने की मांग

Spread the love

 

पुणे/मंचर। पुणे जिले के आंबेगांव तहसील स्थित मंचर की ऐतिहासिक पांडवकालीन बावड़ी को लेकर विवाद एक बार फिर सामने आया है। बावड़ी को वक्फ बोर्ड के कब्जे से मुक्त कराने और उसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक अस्तित्व के संरक्षण की मांग को लेकर सकल हिंदू समाज तथा विभिन्न हिंदुत्ववादी संगठन पिछले दो से तीन वर्षों से लगातार प्रयास कर रहे हैं।

इसी मांग को लेकर आगामी 22 नवंबर 2026 को सकल हिंदू समाज और विभिन्न हिंदुत्ववादी संगठनों की ओर से भव्य जनआक्रोश मोर्चा आयोजित किया जाएगा। इस मोर्चे के माध्यम से शासन का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करते हुए बावड़ी के संरक्षण और मामले का न्यायसंगत समाधान करने की मांग की जाएगी।

आयोजकों का आरोप है कि लंबे समय से इस मामले को उठाए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप करने और संबंधित मामले में स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की गई है।

आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया है कि जब राज्य सरकार ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की बात करती है, तो मंचर की इस बावड़ी के मामले में अब तक ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए? बावड़ी परिसर में कथित अनधिकृत अतिक्रमण के मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।

इस संबंध में आयोजकों का कहना है कि सरकार को केवल आश्वासन देने के बजाय संबंधित दस्तावेजों की जांच कर कानूनी प्रक्रिया के तहत उचित निर्णय लेना चाहिए। उनका कहना है कि यह आंदोलन किसी समुदाय के विरोध में नहीं, बल्कि ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और कानूनी समाधान की मांग को लेकर किया जा रहा है।

Exit mobile version