पुणे (Sushil Rathod) : श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, दारूवाला पुल की ओर से भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। इस नगर कीर्तन में सिख, सिंधी समाज के लोगों, श्रद्धालुओं और गुरु नानक देव जी के अनुयायियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
नगर कीर्तन की शुरुआत ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के जयघोष के साथ हुई। नगर कीर्तन दारूवाला पुल से शुरू होकर अपोलो टॉकीज, केईएम अस्पताल, सायकल सोसायटी, शीतलामाता मंदिर चौक, एम.जी. रोड, कैंटोनमेंट गार्डन चौक और रेसकोर्स रोड होते हुए गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार, कैंप पहुंचा।

इस अवसर पर सिख गुरुओं के अनुयायी, सिख एवं सिंधी समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। गुरु नानक हाईस्कूल एंड जूनियर कॉलेज, गणेश पेठ तथा गुरु नानक पब्लिक स्कूल, कैंप के विद्यार्थी और शिक्षक भी नगर कीर्तन में शामिल हुए।
पूरे मार्ग में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। गुरु नानक देव जी के संदेशों और उनके आदर्शों को याद करते हुए श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।