Site icon Jan Bharat Samachar

पुणे में अतिक्रमण पर नगर निगम का बुलडोजर एक्शन; हांगकांग लेन, एफसी रोड और लक्ष्मी रोड के बाद अब औंध-बाणेर-बालेवाड़ी में कार्रवाई

Spread the love

पुणे : शहर में पिछले चार दिनों से पुणे महानगरपालिका के अतिक्रमण विभाग की ओर से अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। डेक्कन, एफसी रोड, लक्ष्मी रोड और हांगकांग लेन के बाद अब महानगरपालिका ने औंध–बाणेर–बालेवाड़ी क्षेत्र में भी कार्रवाई तेज कर दी है।बालेवाड़ी हाई स्ट्रीट परिसर में अतिक्रमण विभाग की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग जमा हुए। इस दौरान कुछ स्थानों पर दुकानदारों और महानगरपालिका प्रशासन के बीच विवाद की स्थिति भी देखने को मिली।

इस अभियान को लेकर महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि कार्रवाई के बाद यदि कोई दुकानदार दोबारा अतिक्रमण कर व्यवसाय करता पाया गया, तो उसकी दुकान स्थायी रूप से सील कर दी जाएगी। साथ ही संबंधित दुकानदार के खिलाफ मामला भी दर्ज किया जाएगा।

आयुक्त नवल किशोर राम ने बताया कि पुणेकरों का जीवन अधिक सुविधाजनक बनाने और शहर में आम नागरिकों के लिए सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से इस मुहिम में महानगरपालिका का सहयोग करने की अपील की।

आयुक्त के अनुसार, एक ही दिन में करीब 2 लाख वर्गफीट क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया है। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि इमारतों के फ्रंट मार्जिन और साइड मार्जिन में किसी भी प्रकार के निजी उपयोग की अनुमति नहीं है। इन स्थानों को आम जनता के लिए खुला रखा जाना चाहिए, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थान मिल सकें।

महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

Exit mobile version