शिवाजीनगर जिला न्यायालय के गेट नंबर-4 के पास घटना; 4 से 5 आरोपियों की पहचान, क्राइम ब्रांच जांच में जुटी
पुणे : पुणे के शिवाजीनगर स्थित जिला न्यायालय परिसर के बाहर बुधवार को एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। घटना न्यायालय के गेट नंबर-4 के पास हुई। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्टों में गोलीबारी के दावे भी किए गए, हालांकि पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराए जाने और आरोपियों की पहचान होने की पुष्टि की है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, न्यायालय परिसर के बाहर एक व्यक्ति पर हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने घायल को तत्काल ससून अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
क्राइम ब्रांच और संबंधित पुलिस थाने की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुणे क्राइम ब्रांच और संबंधित पुलिस थाना आरोपियों की तलाश तथा घटना की जांच में जुटे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
पुणे पुलिस ने क्या कहा?
डीसीपी (क्राइम) गौहर हसन ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1.15 बजे घटना की सूचना मिली थी। घटना में गोलीबारी और धारदार हथियार से हमले की जानकारी सामने आई। न्यायालय परिसर में मौजूद एक पुलिस कांस्टेबल ने घायल व्यक्ति को ससून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इस घटना में करीब चार से पांच आरोपी शामिल होने की जानकारी है। पुणे क्राइम ब्रांच और संबंधित पुलिस थाना आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।

