Site icon Jan Bharat Samachar

नाना काटे ने चुनाव से नाम लिया वापस

Spread the love

 

पुणे: चिंचवड़ विधानसभा क्षेत्र से आखिरकार बागी नेता नाना काटे ने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया है। आज नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था। सुबह से ही नाना काटे चुनाव लड़ने के अपने फैसले पर अड़े हुए थे। लेकिन दूसरी तरफ, अजित पवार का निर्णय अंतिम होने की बात भी उन्होंने कही थी, जिससे यह देखना दिलचस्प था कि क्या नाना काटे वाकई चुनाव लड़ेंगे या नहीं।

महायुति के बागी नेता और अजित पवार के करीबी माने जाने वाले नाना काटे ने आखिरकार अपना नामांकन वापस ले लिया। कुछ दिन पहले राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने उनसे मुलाकात कर विद्रोह को शांत करने की कोशिश की थी। महाविकास अघाड़ी के वरिष्ठ नेता शरद पवार ने भी नाना काटे से संपर्क साधा और उन्हें नाम वापस लेने के लिए समझाया। इसके बाद, आज नाम वापस लेने की आखिरी तारीख होने के कारण महायुति के अधिकृत उम्मीदवार शंकर जगताप ने भी नाना काटे से मुलाकात की। अंततः नाना काटे ने अपने समर्थकों के साथ बैठक कर चुनाव से हटने का फैसला किया।

इस घटनाक्रम के बाद अब चिंचवड़ विधानसभा में सीधी टक्कर महाविकास अघाड़ी के शरद पवार गुट के राहुल कलाटे और भाजपा के शंकर जगताप के बीच होगी। राहुल कलाटे इस सीट से चौथी बार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि शंकर जगताप पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरे हैं। अब देखना होगा कि इस मुकाबले में कौन बाजी मारता है।

Exit mobile version