Site icon Jan Bharat Samachar

कांग्रेस के पूर्व विधायक रविंद्र धंगेकर शिवसेना शिंदे गुट में शामिल होंगे?

Spread the love

पुणे। लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव में भी हार का सामना करने वाले कांग्रेस के पूर्व विधायक रविंद्र धंगेकर के शिवसेना (शिंदे गुट) में जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। हाल ही में पुणे दौरे पर आए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे से धंगेकर की मुलाकात के बाद उनके पार्टी में शामिल होने की चर्चा जोरों पर है। अगर धंगेकर शिवसेना में शामिल होते हैं, तो इससे पुणे में कांग्रेस की ताकत कमजोर हो सकती है।

धंगेकर ने करीब ढाई साल पहले कसबा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के गढ़ में बड़ा उलटफेर किया था और भाजपा के उम्मीदवार हेमंत रासने को हराकर विधायक बने थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव भी लड़ा, लेकिन उन्हें भाजपा के उम्मीदवार और केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ से हार का सामना करना पड़ा। अक्टूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में भी उन्हें हेमंत रासने के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी।

गौरतलब है कि धंगेकर मूल रूप से शिवसेना के नेता रहे हैं। नगर निगम चुनाव के दौरान वे कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार थे, और जीत के बाद कांग्रेस में शामिल हुए थे। भाजपा के गढ़ में जीत हासिल करने के बाद वे कांग्रेस के ‘प्रिय’ बन गए थे, लेकिन लगातार दो चुनावी हार के बाद अब पार्टी से उनकी दूरी बढ़ती दिख रही है।

शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए धंगेकर कांग्रेस से अलग हो सकते हैं। राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए उनके शिवसेना (शिंदे गुट) में जाने की अटकलें पहले से ही लगाई जा रही थीं। अब एकनाथ शिंदे से उनकी मुलाकात के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।

हालांकि, इन अटकलों को खुद धंगेकर ने खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, “मैं निजी काम से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिला था, इसका पार्टी में जाने से कोई संबंध नहीं है। मैं उपमुख्यमंत्री अजित पवार से भी मिल सकता हूं। मैं कांग्रेस में ही हूं और शिवसेना में जाने की कोई योजना नहीं है।”

Exit mobile version