Site icon Jan Bharat Samachar

पुणे में भी प्रेम संबंध में पति की सुपारी देकर हत्या की कोशिश

Spread the love

पुणे। प्रेम संबंध में बाधा बनने के कारण एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने होने वाले पति की हत्या की साजिश रची। इस चौंकाने वाली घटना का खुलासा होते ही यवत पुलिस ने प्रेमी समेत अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि हत्या की कोशिश करने वाली युवती फरार है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य शंकर दांगडे (19), संदीप दादा गावडे (40, दोनों निवासी गुगल वडगांव, तहसील श्रीगोंदा, जिला अहिल्यानगर), शिवाजी रामदास जरे (32), इंद्रभान सखाराम कोळपे (37, दोनों निवासी पिंपळगांव पिसा, तहसील श्रीगोंदा, जिला अहिल्यानगर) और सूरज दिगंबर जाधव (36, निवासी काष्टी, तहसील श्रीगोंदा, जिला अहिल्यानगर) के रूप में हुई है। इस मामले में एक युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जो फिलहाल फरार है।

कैसे हुआ खुलासा?

पीड़ित युवक, जो कि पुणे के बाणेर इलाके के एक होटल में शेफ के रूप में काम करता है, ने यवत पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, इस युवक की शादी एक युवती से तय हुई थी और 12 मार्च को उनकी शादी होने वाली थी।

22 फरवरी को पीड़ित युवक को एक अज्ञात शख्स ने फोन कर धमकी दी कि वह युवती से शादी न करे, क्योंकि वे खुद उससे शादी करने वाले हैं। अगर उसने शादी की तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। युवक ने तुरंत यह बात अपनी मंगेतर और उसके बड़े भाई को बताई। युवती ने उसे भरोसा दिलाया कि उसका किसी और से कोई संबंध नहीं है और अगर उसे शक हो तो वह खुद जांच कर सकता है।

घात लगाकर हमला

27 फरवरी को युवती ने पीड़ित युवक को फिल्म देखने के लिए बुलाया। दोनों ने हडपसर के एक सिनेमाघर में फिल्म देखी। इसके बाद युवक ने उसे खामगांव फाटा पर उसके रिश्तेदारों के पास छोड़ा और खुद अपनी कार से पुणे लौटने लगा।

लेकिन जैसे ही वह खामगांव फाटा के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसकी गाड़ी रोक ली और लकड़ी के डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के दौरान आरोपियों ने कहा, “अब देखता हूं, तू शादी में कैसे खड़ा होता है!” फिर वे गाड़ी में बैठकर फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल युवक ने एक निजी अस्पताल में इलाज कराया और 1 मार्च को यवत पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को उन हमलावरों की गाड़ी का नंबर भी बताया, जिससे पुलिस ने जांच शुरू की।

दी थी डेढ़ लाख की सुपारी

जांच के दौरान पुलिस ने आदित्य दांगडे को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि युवती और उसके प्रेमी संदीप गावडे ने पीड़ित युवक की हत्या के लिए डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी।

पुलिस ने आगे की जांच करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि युवती अब भी फरार है।

इस पूरी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक पंकज देशमुख, अतिरिक्त अधीक्षक गणेश बिराजदार, उपविभागीय अधिकारी बापूराव दडस के मार्गदर्शन में यवत पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक नारायण देशमुख, सहायक निरीक्षक महेश माने और अन्य अधिकारियों ने अंजाम दिया।

Exit mobile version