Site icon Jan Bharat Samachar

‘नीट’ छात्रों के लिए निःशुल्क अभ्यास और मार्गदर्शन

Spread the love

पुणे .केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ और डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल अकैडमी (एपीएमए) के संयुक्त तत्वावधान में शहर में ‘नीट’ परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए निःशुल्क मॉक टेस्ट और मार्गदर्शन उपक्रम चलाया जा रहा है। इसमें मॉक टेस्ट प्रश्नपत्रिकाएं और ऑनलाइन व्याख्यान (लेक्चर) आयोजित किए जाएंगे, ऐसी जानकारी ‘एपीएमए’ की संचालिका डॉ. हिमानी तपस्वी ने दी।

डॉ. हिमानी तपस्वी ने कहा कि मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले ‘नीट’ परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों की संख्या पुणे शहर में उल्लेखनीय है। लेकिन कोचिंग क्लास की फीस वहन करने में असमर्थ होने के कारण कई छात्र बिना किसी मार्गदर्शन के स्व-अध्ययन (सेल्फ स्टडी) पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में उन्हें यह समझ नहीं आता कि सही ढंग से अध्ययन कैसे करें, परीक्षा का सामना कैसे करें। ऐसे में गुणवत्ता होते हुए भी केवल आर्थिक कारणों से ये छात्र पीछे न रह जाएं, इस उद्देश्य से मुरलीधर मोहोळ की संकल्पना से एपीएमए ने यह उपक्रम शुरू किया है।

‘नीट’ परीक्षा की तैयारी के इस सफर में एपीएमए छात्रों के लिए एक सारथी की भूमिका निभाएगा। पूरी पाठ्यक्रम पर आधारित, विस्तृत उत्तरों सहित पाँच मॉक टेस्ट प्रश्नपत्रिकाएं www.apma.co.in इस वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएंगी। भौतिक विज्ञान (फिजिक्स), रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) और जीवविज्ञान (बायोलॉजी) इन विषयों के लिए प्रत्येक के दो—इस तरह कुल छह ऑनलाइन मार्गदर्शन व्याख्यान होंगे। ये व्याख्यान ज़ूम और यूट्यूब पर लाइव देखे जा सकेंगे। ‘नीट’ परीक्षा की तैयारी कैसे करें, परीक्षा के नियम क्या हैं, इस पर एक विशेष मार्गदर्शन व्याख्यान भी आयोजित किया जाएगा, ऐसा डॉ. तपस्वी ने कहा।

यह उपक्रम पुणे शहर के सभी स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए पूरी तरह निःशुल्क है। इस उपक्रम से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे उनका आत्मविश्वास और सफलता की संभावना निश्चित रूप से बढ़ेगी, ऐसा विश्वास मुरलीधर मोहोळ ने व्यक्त किया। अधिक से अधिक छात्रों ने www.apma.co.in वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करना चाहिए और इस उपक्रम का लाभ लेना चाहिए, ऐसा उन्होंने आवाहन किया। छात्रों के लिए पंजीकरण 13 अप्रैल से शुरू होगा, ऐसा उन्होंने बताया।

Exit mobile version