Site icon Jan Bharat Samachar

संत ज्ञानेश्वर महाराज की 750वीं जयंती महोत्सव पर बैठक संपन्न

Spread the love

आलंदी (अर्जुन मेदनकर): श्री ज्ञानेश्वर महाराज संस्थान समिति, आलंदी और आलंदी ग्रामवासियों की ओर से संत ज्ञानेश्वर महाराज की 750वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य अखंड हरिनाम सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

इस बैठक में देवस्थान प्रमुख विश्वस्त योगी निरंजन नाथसाहेब, पालखी सोहला प्रमुख डॉ. भावार्थ देखणे, विश्वस्त विधिवेत्ता राजेंद्र उमाप और पंढरपुर देवस्थान की विश्वस्त माधवी निगडे उपस्थित रहे। इस अवसर पर देवस्थान की ओर से मुख्यमंत्री को विस्तृत निवेदन सौंपा गया और सप्ताह के आयोजन को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

यह अखंड हरिनाम सप्ताह 3 मई से 10 मई 2025 तक श्री भैरवनाथ ग्रामदेवता ट्रस्ट के विशाल प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। इस पावन अवसर पर देशभर से लाखों वारकरी और श्रद्धालु आलंदी में उपस्थित रहेंगे। आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एकनाथ शिंदे जैसे गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।

इस महोत्सव में शामिल होने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रमुख विश्वस्त योगी निरंजन नाथसाहेब ने सभी श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक उत्सव में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

 

Exit mobile version