पुणे. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में इन दिनों संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रदेश और शहर स्तर पर बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुणे शहर भाजपा अध्यक्ष पद के लिए चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।
इस पद के लिए फिलहाल श्रीकांत भिमाले, गणेश बिडकर और राहुल शिळमकर के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। शुरुआत में कई संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया था, लेकिन वरिष्ठ स्तर पर हुई बैठकों के बाद भिमाले, बिडकर और शिळमकर के नामों को अंतिम सूची में शामिल किया गया है।
भाजपा के नियमों के अनुसार, शहराध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार की उम्र 50 वर्ष से कम होनी चाहिए। इसी मापदंड को ध्यान में रखते हुए अंतिम सूची तैयार की गई है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के अनुभव, शहर में जनसंपर्क, संगठन कौशल और पार्टी के प्रति निष्ठा जैसे मानदंडों को भी ध्यान में रखा गया है।
भिमाले, बिडकर और शिळमकर — इन तीनों नेताओं का कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत जनाधार है और स्थानीय तथा पार्टी स्तर पर भी इनका अच्छा प्रभाव माना जाता है। ऐसी संभावना है कि जल्द ही इनमें से किसी एक नाम पर अंतिम मुहर लग जाएगी।

