Site icon Jan Bharat Samachar

भारत-पाक तनाव के बीच ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों में अलर्ट: सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, तत्काल ड्यूटी पर लौटने के निर्देश

Spread the love

पुणे. भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच देश की रक्षा तैयारियों को मजबूती देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। इसके लिए ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों में कार्यरत सभी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे तुरंत अपने कार्यस्थल पर वापस लौटें और ड्यूटी पर समय पर उपस्थित रहें।

महाराष्ट्र के चंद्रपुर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चंदा और मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया (OFK) में यह आदेश विशेष रूप से लागू किया गया है। इन दोनों फैक्ट्रियों की भूमिका देश की रक्षा सामग्री आपूर्ति में अहम मानी जाती है।

आदेश में कहा गया है, “सभी कर्मचारियों को बिना चूके ड्यूटी पर रिपोर्ट करना होगा और इस  अवधि के दौरान राष्ट्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप  उपस्थिति और योगदान सुनिश्चित करना होगा.” सर्कुलर में यह भी स्पष्ट किया गया है कि छूट केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही दी जाएगी.

ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चंदा द्वारा जारी सर्कुलर में कहा गया है कि यह निर्णय म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL) के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार लिया गया है। सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि “सभी प्रकार की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती हैं। कर्मचारियों को बिना किसी देरी के ड्यूटी पर उपस्थित होना अनिवार्य है।”

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सीमा पर किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए यह एक सतर्क कदम है, जिससे आवश्यक गोला-बारूद और रक्षा सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

Exit mobile version