Site icon Jan Bharat Samachar

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भारतीय सेना को दी बधाई, कहा- देशवासी सेना के साथ चट्टान की तरह खड़े

Spread the love

मुंबई.  जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा अंजाम दिए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भारतीय सेना को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) में स्थित आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त कर भारतीय सेना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि देश अपनी सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं करता।

“भारतीय सेना की ताकद पर देश को पूरा भरोसा है”
अजित पवार ने कहा कि भारत की सशस्त्र सेनाएं सक्षम हैं और पूरा देश एकजुट होकर उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन सेना की रणनीतिक क्षमता, राजनीतिक इच्छाशक्ति और देशवासियों की एकजुटता का परिणाम है।

“पाक प्रायोजित आतंकवाद अब और सहन नहीं किया जाएगा”
पवार ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की जान गई थी। इस क्रूर हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों ने ली थी। इसका जवाब भारत ने योजनाबद्ध और सटीक हमले करके दिया है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत नौ आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद किया गया है। यह कार्रवाई संदेश देती है कि भारत अब आतंकी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगा।

प्रधानमंत्री और रक्षा नेतृत्व का भी किया अभिनंदन
उपमुख्यमंत्री पवार ने कहा कि सीमा पार जाकर सैन्य कार्रवाई के लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति जरूरी होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि उनके कड़े और साहसी फैसलों ने सेना को खुलकर कार्रवाई करने की ताकद दी।अजित पवार ने विश्वास जताया कि जब तक पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पूरी तरह समाप्त नहीं होता, तब तक ऐसी ही सख्त और निर्णायक कार्रवाइयां होती रहेंगी। उन्होंने वायुसेना, नौसेना और थलसेना के जवानों को सलाम करते हुए कहा कि यह अभियान भारत की सैन्य और नैतिक शक्ति का प्रतीक है।

Exit mobile version