Site icon Jan Bharat Samachar

पुणे में अंतरजातीय, अंतरधार्मिक विवाह करने वालों के लिए ‘सेफ हाउस’

Spread the love

पुणे . ‘विचारवेध एसोसिएशन’ की पहल पर, अंतरजातीय और अंतरधार्मिक विवाह करने वाले युवक-युवतियों के लिए पुणे में विवाह के बाद कुछ समय के लिए सुरक्षित घर (सेफ हाउस) की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई गई है। एसोसिएशन ने एक पत्रक के माध्यम से यह जानकारी दी है। अधिक जानकारी के लिए अनिकेत सालवे से ८७९६४०५४२९ पर संपर्क करने की अपील की गई है।

अंतरजातीय और अंतरधार्मिक विवाह की संकल्पना को समाज में समर्थन देने के उद्देश्य से ‘विचारवेध एसोसिएशन’ कार्यरत है। इसी दिशा में कुछ संपन्न और प्रतिष्ठित परिवारों ने ऐसे नवविवाहित जोड़ों को दो महीने तक सहारा देने की इच्छा जताई है। यह सहारा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से बिलकुल निःशुल्क दिया जाएगा। बाणेर, खडकी, बावधन, औंध और केशवनगर जैसे क्षेत्रों में ये सेफ हाउस उपलब्ध कराए गए हैं।

‘विचारवेध एसोसिएशन’ की ओर से अंतरजातीय और अंतरधार्मिक विवाह को समर्थन देने हेतु नए उपक्रम शुरू किए गए हैं। इनमें इच्छुक युवक-युवतियों के लिए परामर्श एवं मार्गदर्शन, आर्थिक सहायता के सुझाव, जोड़ों को एकत्र लाने हेतु कार्यक्रम, व्याख्यान, और सुरक्षित निवास हेतु ‘सेफ हाउस’ जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में अंतरजातीय विवाह के संबंध में फैली भ्रांतियों को दूर करना और विवाह करने वालों को सुरक्षित वातावरण व आवश्यक सहारा प्रदान करना है।

Exit mobile version